जगदगुरु शंकराचार्य अधोक्षजानन्द के शिविर में रुद्र महायज्ञ शुरू
कुंभनगर (प्रयागराज), 06 फरवरी। गोवर्धन मठ पुरी के जगदगुरु स्वामी शंकराचार्य अधोक्षजानंद देवतीर्थ महराज के मेला क्षेत्र के सेक्टर-13 स्थित शिविर में रुद्र महायज्ञ और भागवत महापुराण की गुरुवार को शुरुआत हो गई।

शुरू में स्वस्तिवाचन, नवग्रह पूजा, षोडस मात्रिका, गौरीगणेश पूजन, सर्वतोभद्र पूजन, अति लिंगतोभद्र, वास्तु देवता, दशदिगपाल, पंचलोकपाल,चौषठ योगिनी का आह्वान और स्थापना और पूजन किया गया। तत्पश्चात भगवान आद्य शंकराचार्य की दो हजार पांच सौ वर्ष पुरानी चरण पादुका का षोडशोपचार विधि से पूजन किया गया। तदुपरांत वेद पुराण का वाचन किया गया।

वृन्दावन से आये कथावाचक गोपाल कृष्ण शास्त्री ने भागवत सप्ताह कथा का रसपान कराया। कथा में श्रवण विधि, श्रोता वक्ता के नियम का वर्णन हुआ और धुन्धकारी की कथा सुनाई गई, जो गोकर्ण के ज्ञान से प्रेतयोनि से मुक्ति मिली।
शिविर में 13 फरवरी तक नित्य प्रति सुबह 6 से 8 बजे तक देवमण्डल पूजन, प्रातः8 से दोपहर 2 बजे तक वेद, पुराणों का पाठ एवं जप होगा।
दोपहर 2 से सायं 5 बजे तक हवन यज्ञ होगा और सायं 5 से रात्रि 7 बजे तक भागवत कथा का रसपान होगा। रात्रि 7 से 8 बजे तक पूज्य शंकराचार्य नित्य अपने भक्तों को आशीर्वचन प्रदान करेंगे।




