दिल्ली में मिली शानदार जीत से उत्साहित आप कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
प्रयागराज। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से उत्साहित आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं जश्न में डूब गए हैं। शुरुआती रुझानों में ही आम आदमी पार्टी को मिली बढ़त से पार्टी कार्यकर्ता खासे उत्साहित नजर आये।

दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल के नेतृत्व में बनने जा रही आम आदमी पार्टी की सरकार को लेकर संगम नगरी प्रयागराज के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आये हैं और जमकर जश्न मना रहे हैं।

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौराहे पर ढोल- नगाड़ों के साथ जमकर आतिशबाजी की और झूमते हुए जीत का जश्न मना रहे हैं। जीत की खुशी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा भी की और मिठाइयां खिलाकर एक दूसरे का मुंह भी मीठा कराया।

इसके साथ ही एक दूसरे से गले मिलकर इस ऐतिहासिक जीत की मुबारकबाद दी । आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली विधानसभा की जीत को आम जनता के मुद्दों की जीत बताया है।
कार्यकर्ताओं ने कहा है कि देश की आजादी के सत्तर सालों में पहला चुनाव है जो कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के मुद्दों पर लड़ा गया और जनता ने अरविन्द केजरीवाल के विकास के मॉडल पर अपनी मुहर लगायी है।
दिल्ली की जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए केजरीवाल को अब प्रधानमंत्री बनाने की भी बात कही है। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ अल्ताफ अहमद ने कहा है कि दिल्ली की जनता ने इस चुनाव में जाति और धर्म से ऊपर उठकर विकास पर वोट किया है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली की जनता ने नफरत की राजनीति को भी पूरी तरह से नकार दिया है।




