Latestइलाहाबाद समाचार

कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे, यह हम सब की जिम्मेदारी-मण्डलायुक्त

प्रयागराज। मण्डलायुक्त प्रयागराज श्री आर0 रमेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ गांधी सभागार में बैठक की।

उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस महामारी के दौर में हम सभी को एक-दूसरे की भावनाओं को सम्मान देते हुए अपना योगदान देने की जरूरत है।

उन्होंने लोगो से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, पुलिस विभाग के लोगो एवं अन्य कर्मचारियों से सहयोगात्मक व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आदमी को अपने दायित्वों का निर्वहन करने की जरूरत है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केन्द्र सरकार की तरफ सभी जिलों को एक विस्तृत गाइडलाइन मिली है। हम लोग नई रणनीति बना रहे है, जिससे इस महामारी के प्रसार को रोका जा सके।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से सस्पेक्टेड एवं कंफर्म केसेज के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सस्पेक्टेड लोगो को भी एक विशेष व्यवस्था में रखा जाय। इनकी देखभाल की व्यवस्था एवं उपलब्ध बेडो के बारे में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जानकारी ली तथा उन्हें निर्देशित किया कि बेड़ो की संख्या को और बढ़ाने की व्यवस्था करें।

सीएमओ ने मण्डलायुक्त को जानकारी दी कि सभी सस्पेक्टेड लोगो को जिले में एमडीआई हाॅस्पिटल में रखे जाने की व्यवस्था की गयी है तथा कंफर्म केसेज को कोटवा में बनाये गये विशेष कोविड-19 हाॅस्पिटल में रखे जाने की व्यवस्था की गयी है।

मण्डलायुक्त ने नगर निगम एवं ग्राम विकास के अधिकारियों से पीड़ित गरीब एवं असहाय लोगो को दी जा रही नकद धनराशि एवं राशन वितरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मजदूर, पल्लेदार एवं इसी प्रकार के अन्य गरीब लोगो का कार्ड बनाकर शीघ्र से शीघ्र उनको सहायता राशि एवं राशन का वितरण सुनिश्चित करें।

कहीं से भी किसी भी व्यक्ति के भूखे रहने की सूचना नहीं मिलनी चाहिए। यह आपकी और हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा प्रदेश में जीरो हंगर की है। उन्होंने बताया कि गांव लेबल पर भी कम्यूनिटी किचन खोले जाने की योजना पर विचार चल रहा है, जिसकी देखभाल ग्राम विकास अधिकारी करेंगे।

मण्डलायुक्त ने कृषि विभाग व पशुपालन विभाग के अधिकारियों से पशुओं के चारे की व्यवस्था एवं उनकी देखभाल की क्या व्यवस्था है के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खाद्यय विभाग के अधिकारियों से खाद्यान्न वितरण की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। सम्बन्धित अधिकारी द्वारा बताया गया कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 15 अप्रैल, 2020 से पर यूनिट 5 कि0ग्रा0 चावल देने की व्यवस्था की गयी है।

उप निदेशक मण्डी से सब्जियों एवं अनाजों के रख-रखाव एवं वितरण की जानकारी मण्डलायुक्त ने प्राप्त की। उप निदेशक मंडी ने बताया कि समय सारिणी तय करके साग-सब्जियों एवं फलों के वितरण की व्यवस्था की जा रही है। मण्डलायुक्त ने उप निदेशक कृषि से पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को मिलने वाली सहायता राशि के बारे में जानकारी ली।

उप निदेशक कृषि ने बताया कि लगभग किसानों के खातों में किस्त की राशि भेज दी गयी है तथा जिन किसानों के खातों में अभी तक नहीं पहंुचा है उन्हें शीघ्र से शीघ्र यह राशि भेज दी जायेगी। नगर निगम एवं ग्राम विकास के अधिकारियों ने बताया कि लाभार्थियों का क्रास चेकिंग हो रहा है तथा सत्यापन के बाद लाभार्थियों को सहायता राशि उपलब्ध करा दी जायेगी। 60 प्रतिशत से अधिक लोगों को सहायता राशि दी जा चुकी है। मण्डलायुक्त ने निर्देशित करते हुए कहा कि शेष लोगो को भी तत्काल सहायता राशि उपलब्ध करायें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button