प्रवासी श्रमिकों के लिए भोजन पानी की समुचित व्यवस्था स्वास्थ्यचेकअप करा कर गंतव्य की ओर करें रवाना-जिलाधिकारी
प्रयागराज(अनुराग शुक्ला)। जिलाधिकारी प्रयागराज श्री भानु चंद्र गोस्वामी ने यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित चाकघाट बॉर्डर का निरीक्षण किया तथा उस ओर से आने वाले प्रवासी श्रमिकों व अन्य लोगों की नियमानुसार हर संभव सहायता करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा जारी संबंधित दिशानिर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करते हुए इन्हें इनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए। इसके पूर्व सभी लोगों के लिए भोजन पानी आदि की समुचित व्यवस्था की जाए तथा सभी का चेकअप करा कर इन लोगों को इनके गंतव्य की ओर शीघ्र रवाना किया जाय।
उन्होंने बार्डर पर लगाये गये अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आने वाले प्रवासी मजदूरों एवं अन्य लोगो की बिना थर्मल स्कैनिंग के आने-जाने की अनुमति नहीं होनी चाहिए।
यहां पर एक डाॅक्टर्स की टीम लगाये, जो कि बाहर से आने वाले लोगो की थर्मल स्कैनिंग करें एवं इनको चेक पोस्ट पर ही खाने-पीने की व्यवस्था की जाये। किसी भी हाल में कोई भी मजदूर पैदल व ट्रक आदि से यात्रा करता हुआ न दिखे। यथा सम्भव बसों की व्यवस्था कर प्रवासी मजदूरों को उनके गंतव्य स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाये। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि आने वाले लोगांे का एक रजिस्टर तैयार करें, जिसमें इनका पूरा विवरण साथ ही 15 दिन का डिटेल अंकित किया जाये।
उन्होंने बार्डर पर मौजूद लोगो से खाने, रहने इत्यादि के बारे में जानकारी ली तथा कहा कि किसी भी समस्या हेतु प्रशासन आप लोगो के साथ खड़ा है। आप लोगो को किसी भी प्रकार से भयभीत या आशंकित होने की जरूरत नहीं है।




