शिक्षक भर्ती के घोटाले का पर्दाफाश करने वाले एसएसपी के तबादले पर प्रबुद्धजनों ने जताया रोष

प्रयागराज। जनपद में 69000 शिक्षक भर्ती फर्जीवाड़े कांड की आग धधक उठी है सबसे चौंकाने वाली खबर यह है कि 69000 शिक्षक भर्ती में फर्जीवाड़े का खुलासा करने वाले आईपीएस प्रयागराज एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज का ट्रांसफर कर दिया गया,जिसके बाद सहायक शिक्षक भर्ती में घोटाले का शक और गहरा गया।
69000 शिक्षक भर्ती में घोटाले के विरुद्ध लगातार इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन पर आंदोलन चल रहा है,आज उसी कड़ी में इलाहाबाद के एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के तबादले के विरोध में छात्रों,प्रतियोगियों,कांग्रेसियों, एनएसयूआई, इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ के पदाधिकारियों द्वारा सरकार के विरोध में एवं एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के समर्थन में नारे लगाए एवं आंदोलन किया गया।
जिस आंदोलन को समर्थन 69 शिक्षक भर्ती संयुक्त समिति, 69000 शिक्षक भर्ती संयुक्त मोर्चा,B.Ed बीटीसी मोर्चा एवं इलाहाबाद प्रतियोगी मोर्चा द्वारा समर्थन मिला।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संजय तिवारी एवं पूर्व महामंत्री सुरेश यादव ने विरोध जताते हुए कहा कि 69000 शिक्षक भर्ती घोटाले के तार प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों से जुड़ने लगे और एक ईमानदार अफसर ने इस पूरे घोटाले को खोल के रख दिया, योगी सरकार आनन-फानन में प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का ट्रांसफर करके प्रतीक्षा सूची में डाल दिया इससे यह प्रतीत होता है तो पूरा घोटाला सरकार के संरक्षण में हुआ है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव विवेकानंद पाठक ने कहा कि पैटर्न देखिए- ट्रांसफर पोस्टिंग रैकेट को एक्सपोज किया तो नोएडा वैभव कृष्ण को हटा दिया। जीएमयू के प्रो सूर्यकांत ने सरकार की कोरोना मिसहैंडलिंग की बात की उन पर विभागीय जांच बैठा दी।
पत्रकार मनीष पांडेय ने PPE किट घोलाले को एक्सपोज किया उन्हें रिमांड में बैठा लिया। इलाहाबाद एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध ने 69 हजार शिक्षक भर्ती घोटाले को एक्सपोज करके बड़े बड़े लोगों से जुड़े इस घोटाले के तार निकालने शुरू किया तो उनका ट्रांसफर कर दिया।
छात्र संघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने मांग की है कि इलाहाबाद के एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज सर का जल्द से जल्द तबादला रोका जाए अन्यथा सरकार उसका परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।
धरना प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल पांडे, हसीब अहमद,शिरीष चंद दुबे,जितेश मिश्रा,अभिषेक कुमार आदि मौजूद रहे।




