Latest

कैबिनेट मंत्री नंदी के मुहल्ले में जबरन मकान को केसरिया रंग से पोतवाने, धमकाने का आरोपी घर छोड़कर फरार

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) कोतवाली के बहादुरगंज में जबरन मकान पोतवाने के विरोध पर व्यापारी रवि गुप्ता से गालीगलौज करने व धमकाने का आरोपी घर छोडक़र फरार हो गया है। रात में उसके घर दबिश दी गई लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश की जा रही है।

मुट्ठीगंज के बहादुरगंज में रहने वाले व्यापारी रवि गुप्ता उर्फ रविंद्र ने एक दिन पहले कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि मोहल्ले में ही रहने वाले कमल केसरवानी ने रविवार भोर में अपने 15-20 अज्ञात साथियों संग जबरन उनका घर भगवा रंग से पोतवाने लगा और विरोध पर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कमल को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की थी।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने रात में उसके घर दबिश दी लेकिन वह घर से फरार मिला। सोमवार को भी तलाश की गई लेकिन वह नहीं मिला। कोतवाल जयचंद शर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

मुकदमे में बढ़ेंगी महामारी एक्ट समेत तीन धाराएं :

पुलिस सूत्रों का कहना है कि फिलहाल जिन धाराओं में मुकदमा हुआ है, उनमें सभी में सात साल से कम की सजा का प्रावधान है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी को 41 ए का नोटिस तामील कराकर विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी। उधर सूत्रों के मुताबिक, घटना लॉकडाउन के दौरान अंजाम दी गई, ऐसे में आरोपियों का कृत्य धारा 144 का उल्लंघन व महामारी एक्ट के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे में मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की जाएगी।

रिटायर्ड पशुचिकित्सक से मारपीट करने वाले भी फरार :

कोतवाली के बहादुरगंज में रिटायर पशु चिकित्सक जीवन चंद नंद से मारपीट करने वालों का भी सुराग पुलिस हासिल नहीं कर सकी है। भुक्तभोगी ने कोतवाली में एक दिन पहले रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया था कि नंद गेोपाल गुप्त नंदी व अभिलाषा गुप्ता के बुलाए 15-20 लडक़ों ने जबरन उनका घर गेरुआ रंग से पोत दिया। विरोध पर उन्हें घसीटकर मारा व उनकी पत्नी से गालीगलौज की। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है। मारपीट करने वालों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button