प्लाज्मा थेरेपी को आगे आए जूनियर डॉक्टर

एसआरएन में कोविड प्लाज्मा बैंक का आगाज
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। धरती के भगवान कहे जाने वाले डॉक्टर कोरोना काल में अपनी जान की परवाह न करते हुए मरीजों को नया जीवन दे रहे हैं। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) के दो जूनियर डॉक्टरों ने सबसे पहले प्लाज्मा के लिए ब्लड डोनेट कर इसे साबित भी कर दिया है। शनिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एसआरएन में कोविड प्लाज्मा बैंक का शुभारंभ किया। अब एसआरएन अस्पताल में प्लाज्मा थेरेपी का क्लीनिकल ट्रायल शुरू हो गया है।
डिप्टी सीएम ने दोनों जूनियर डॉक्टर डॉ. रोहित सिंह व डॉ. कुंवर विवेक सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि प्लाज्मा रक्तदाता बनने के लिए पंजीकरण की व्यवस्था की गई। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9795158566 व 9451686885 पर कॉल कर पंजीकरण करा सकते हैं। इस मौके पर उप प्राचार्य डॉ. वीके पांडेय, प्लाज्मा थेरेपी की नोडल डॉ. वत्सला मिश्रा, विधायक हर्षवधन वाजपेई, डॉ. मोहित जैन, डॉ. संतोष सिंह, गौतम त्रिपाठी, डॉ. एसबी यादव व अन्य मौजूद रहे। प्लाज्मा थेरेपी के सह नोडल डॉॅ. संतोष सिंह ने बताया कि ब्लड बैंक में आकर ब्लड देने के लिए सहमति दे सकते हैं। इसमें उन्हीं लोगों का प्लाज्मा प्रयोग किया जाएगा जिन्हें कोरोना से ठीक हुए 14 दिन बीत गया है।
एएमए ब्लड बैंक में भी प्लाज्मा डोनेशन
प्रयागराज। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन (एएमए) ब्लड बैंक में शनिवार को पहला कोविड प्लाज्मा डोनेशन किया गया। दवा व्यापारी संजय सिंह ने ब्लड बैंक में पहुंचकर प्लाज्मा के लिए ब्लड डोनेट किया। एएमए अध्यक्ष डॉ. राधारानी घोष ने बताया कि इस ब्लड बैंक में अब प्लाज्मा फेरेसिस की सेवा शुरू हो गई है। यह प्रदेश के गिने चुने शहरों में उपलब्ध है। ब्लड बैंक के चेयरमैन डॉ. अशोक अग्रवाल ने संजय सिंह को बुके देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. अनिल अग्रवाल, डॉ. अनिल शुक्ला, डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. युगांतर पांडेय, डॉ. अनूपा चौहान व अन्य रहे।



