कुंभ मेला-2019 : श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की सौगात, इन सभी स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

नई दिल्ली। आज से कुंभ मेले का आगज हो गया है। इस बार कुंभ में पहला स्नान ही शाही स्नान पर्व है। इस वजह से इस बार रेलवे ने व्यापक तैयारी की है। रेलवे ने विभिन्न स्थानों के लिए 51 स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। प्रयागराज कुंभ मेले में रेलवे इस बार 20 कोच वाली स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। अगर आप भी कुंभ में जाना चाहते हैं तो रेलवे द्वारा दी गई इन सुविधाओं के बारें में जरूर जान लें। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए रेलवे ने प्रयागराज से गुजरने वाली नॉन स्टाप 100 ट्रेनों का अस्थायी ठहराव अलग-अलग स्टेशन पर किया है। नॉन स्टाप ट्रेनें इलाहाबाद जंक्शन, नैनी जंक्शन, प्रयाग जंक्शन, इलाहाबाद सिटी स्टेशन और झूसी स्टेशन पर 13 जनवरी से रुकेंगी।14 गाड़ियों की अस्थाई ठहराव
सूबेदारगंज स्टेशन पर 14 गाड़ियों को अस्थायी ठहराव दिया गया है। इसमें प्रयागराज, हमसफर, इलाहाबाद-जयपुर, दुरंतो एक्सप्रेस शामिल हैं। कुंभ मेले के दौरान 13 जनवरी से 23 जनवरी और दो फरवरी से 21 फरवरी तक इलाहाबाद जंक्शन और नैनी जंक्शन से गुजरने वाली नॉन स्टाप गाड़ियों को एक मिनट का ठहराव दिया गया है। इलाहाबाद जंक्शन से जाने वाली भागलपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस, कोलकाता-आगरा कैंट एक्सप्रेस, सियालदह-आनंद विहार एक्सप्रेस समेत 10 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है।

यहां से गुजरने वाली 46 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव
नैनी जंक्शन से गुजरने वाली एलटीटी-फैजाबाद, दुर्ग-नवतनवा, रांची-एलटीटी, गोरखपुर-एलटीटी, एलटीटी-छपरा, वाराणसी-एलटीटी, रीवां-आनंद विहार टर्मिनल समेत 46 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है। वहीं, इलाहाबाद सिटी स्टेशन से गुजरने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस, दिल्ली-मंडुवाडीह एक्सप्रेस, गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, उधना एक्सप्रेस समेत 10 गाड़ियां वहां रुकेंगी। झूसी स्टेशन पर भी स्टॉपेज रहेगा।
प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चार बड़े कंपाउंड का निर्माण किया गया है जिनमें 10,000 तीर्थयात्रियों को सुविधाएं प्रदान की जा सकती हैं। इनमें वेडिंग स्टॉल, पानी के बूथ, टिकट काउंटर, एलसीडी टीवी, सीसीटीवी, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग- अलग शौचालय होंगे। इसी तरह से अन्य स्टेशनों पर भी यात्री कंपाउंड बनाए गए हैं।




