इविवि: कम हो गया एक तिहाई पाठ्यक्रम

कोरोना संक्रमण के कारण नहीं चल सकीं कक्षाएं
ऑनलाइन पढ़ाई जारी, प्रायोगिक कक्षाएं प्रभावित
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शैक्षिक सत्र 2020-21 के लिए पाठ्यक्रम में आंशिक बदलाव कर दिया गया है। कोरोना के चलते कुछ विभागों ने स्नातक एवं परास्नातक में एक तिहाई पाठ्यक्रमों को कम कर दिया है। वहीं, कुछ विभाग पूरे पाठ्यक्रम पर परीक्षा कराने के पक्ष में हैं।
कोविड-19 के चलते यूजीसी की ओर से पाठ्यकम कम किए जाने का निर्देश पूर्व में दिया गया है। इविवि में मौजूदा सत्र में स्नातक और परास्नातक में प्रवेश प्रक्रिया अभी चली रही है वहीं विश्वविद्यालय पीजी की सेमेस्टर परीक्षा मार्च और स्नातक की वार्षिक परीक्षा मई में कराने की तैयारी में है। ऐसे में इतने कम समय में पाठ्यक्रम पूरा करना चुनौती होगी। स्नातक एवं पीजी की कक्षाओं का ऑफलाइन संचालन अभी तक नहीं शुरू हो सका है।
इविवि की ओर से सितंबर से भले ही ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू हो। लेकिन ऑफलाइन कक्षाओं का संचालन न होने से प्रयोगात्मक कार्य भी पूरे नहीं हो सके हैं। हिन्दी, अंग्रेजी, भूगोल, रक्षा अध्ययन, भौतिक विज्ञान आदि विभागों में मौजूदा सत्र के लिए 30 फीसदी पाठ्यक्रम में कटौती की गई है। वहीं, शिक्षा शास्त्र समेत कई विभाग पूरे पाठ्यक्रम पर परीक्षा कराने के पक्ष में हैं। इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर ने बताया कि कुछ विभागों ने शिक्षकों की कमी के मद्देनजर कम समय में अपने कोर्स को पूरा करने के लिए इस सत्र के लिए पाठ्यक्रम कम कर दिया है।


