Latest

सूरज बडज़ात्या की फिल्म ऊंचाई में नजर आएंगी परिणीति चोपड़ा

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं। वह हाल में निर्देशक सूरज बडज़ात्या की फिल्म ऊंचाई को लेकर चर्चा में रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन सूरज कर रहे हैं। फिल्म में अमिताभ मुख्य भूमिका में दिखने वाले हैं। अब इस फिल्म से जुड़ी एक रोचक जानकारी सामने आ रही है। खबरों की मानें तो फिल्म ऊंचाई में दिग्गज अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवाने वाली हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, अमिताभ अभिनीत फिल्म ऊंचाई में परिणीति शामिल हो चुकी हैं। एक करीबी सूत्र ने कहा है कि परिणीति को भी इस फिल्म में कास्ट कर लिया गया है। फिल्म में वह एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगी। अनुपम खेर, नीना गुप्ता और बोमन ईरानी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। अनुपम, बोमन और अमिताभ तीन पुराने दोस्तों की भूमिका में नजर आएंगे। परिणीति और नीना के किरदार के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। एक सूत्र ने कहा, यह सूरज के लिए खास प्रोजेक्ट है, क्योंकि वह तीन पुराने दोस्तों के बीच की कहानी को लेकर आ रहे हैं, जो जीवन में अलग-अलग मुद्दों से निपटते हैं। यह सूरज की टिपिकल फिल्म है, जो फरहान अख्तर की जिंदगी ना मिलेगी दोबारा के तर्ज पर बनाई जा रही है। सूरज ने दिल छू लेने वाली पटकथा लिखी है। सूत्र ने कहा कि अमिताभ और अन्य कलाकारों की उपस्थिति फिल्म के साथ न्याय करती है।
इस फिल्म की शूटिंग नेपाल के खूबसूरत लोकेशंस में होगी। खबरों की मानें तो राजश्री प्रोडक्शंस वेंचर 5 अक्टूबर को काठमांडू घाटी में शूटिंग शुरू करने वाली है। काठमांडू और उसके आसपास एक महीने के शेड्यूल की योजना बनाई गई है। इस फिल्म के प्री-प्रोडक्शन की प्रक्रिया चल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह फिल्म बुढ़ापे में दोस्ती की कहानी के इर्दगिर्द होगी। फिल्म में सूरज के व्यक्तिगत अनुभवों का समावेश भी देखने को मिल सकता है।
परिणीति को इस साल कई फिल्मों में देखा जा सकता है। परिणीति हाल में रिलीज हुई फिल्म संदीप और पिंकी फरार में नजर आई हैं। बीते 26 फरवरी को परिणीति की फिल्म द गर्ल ऑन द ट्रेन रिलीज हुई थी। इसके अलावा वह फिल्म एनिमल में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ अनिल कपूर और रणबीर कपूर नजर आएंगे। वह वरुण धवन के साथ फिल्म सनकी में नजर आ सकती हैं।

Related Articles

Back to top button