फर्जीवाड़ा करके जालसाज ने बनवाया 3 लाख का किसान क्रेडिट कार्ड

ज़मीन की खतौनी निकालने पर भूस्वामी को हुई मामले की जानकारी
( अनुराग शुक्ला / रमेश तिवारी )
कोराव,प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । दूसरे की जमीन के कागजात पर किसी अन्य महिला की फोटो लगाकर फर्जीवाड़ा करते हुए तीन लाख रुपए की केसीसी बनवा कर पैसा खाते से निकाल लेने का मामला प्रकाश में आया है ।मामले का खुलासा तब हुआ जब भूस्वामी ने अपने जमीन की खतौनी निकलवाई और खतौनी में जमीन बंधक दर्शाई गई थी ।पूरा मामला एसबीआई की कोराव शाखा का है जहां पर एक महिला भूस्वामी की जमीन पर किसी जालसाज ने दूसरे महिला की फोटो लगाकर किसान क्रेडिट कार्ड बनवाकर ₹300000 निकाल लिया। मामले में पीड़ित महिला ने स्थानीय पुलिस से लिखित रूप से शिकायत दर्ज कराते हुए जांच एवं कार्यवाही की मांग की है ।प्रयागराज जिले के धनुहा नैनी निवासी अनारकली पत्नी हरिहर प्रसाद तिवारी द्वारा पुलिस से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी जमीन कोराव के चपरो ग्राम पंचायत के पूरा चंदेल में है ।महिला द्वारा 2 दिन पूर्व तहसील में अपने जमीन की खतौनी निकलवाई गई तो उसमें जमीन को बंधक दर्शाया गया था मामले को लेकर जब पीड़ित महिला एसबीआई की कोराव शाखा में पहुंची वहां कर्मचारियों ने बताया कि आप की जमीन पर केसीसी बनवा कर उस खाते से ₹300000 निकाल लिया गया है। पूरा मामला सुन कर पीड़ित के पैर के नीचे से जमीन खिसक गई और उसने बैंक के कर्मचारियों से पूरे मामले की जानकारी जुटाने की कोशिश की तो पता चला कि अनारकली के कागजात पर किसी अन्य महिला की फोटो लगाकर किसी जालसाज द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया गया और उस खाते से ₹300000 निकाल लिए गए ।हालांकि बैंक प्रबंधक लगातार मामले में पीड़ित को पूरी जानकारी देने से तक टरकाता रहा ।फिलहाल पीड़ित भू स्वामी ने मामले की शिकायत को राव पुलिस से लिखित रूप से की है ।जिस पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है ।अब देखने वाली बात होगी कि आखिर जालसाजी करके दूसरे की जमीन पर केसीसी बनवाने वाले और पैसा निकाल कर गमन करने वाले लोगों के खिलाफ क्या कार्यवाही की जाती है ।मामले में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है बैंक कर्मियों से मिलकर पूछताछ करते हुए मामले की जांच की जा रही है।


