Latest

एक क्लिक पर मिलेगी रेल पुलों की कुंडली

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। रेल पुलों की निगरानी अब ऑनलाइन पोर्टल से हो सकेगी। रेलवे अपने सभी पुलों का डिजिटल डाटाबेस तैयार कर रहा है। डाटाबेस में देश के हर छोटे-बड़े रेलवे ब्रिज का पूरा ब्योरा होगा। ऐसे में एक क्लिक पर पुलों की पूरी जानकारी हासिल हो जाएगी। संगम क्षेत्र स्थित दारागंज-झूंसी के बीच गंगा पुल और प्रयाग-फाफामऊ को जोडऩे वाले गंगा पुल का हर आंकड़ा पोर्टल में फीड किया जा रहा है। यमुना रेल पुल का ब्योरा भी डिजिटाइज होगा। रेलवे ने अपने पुलों की पोर्टल पर निगरानी के लिए ब्रिज मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किया है। पुलों के ब्योरे के डिजिटाइजेशन की जिम्मेदारी सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (क्रिस) को सौंपी गई है। रेलवे पुलों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और सेंसर भी लगाए जा सकते हैं। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने प्रयाग और फाफामऊ के बीच गंगा पुल पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी और सेंसर लगाने को लेकर जानकारी मांगी है।

Related Articles

Back to top button