Latest

चौकी इंचार्ज ने युवक को दी जान से मारने की धमकी, वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत

प्रयागराज अनुराग दर्शन समाचार )। यमुना किनारे मछलियों को चारा खिलाने वाले युवक को कीडगंज थाने की नई बस्ती चौकी इंचार्ज द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। भुक्तभोगी युवक ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करते हुए जानमाल के सुरक्षा की गुहार लगायी है।
कीडगंज चौखंडी निवासी आशीष निषाद प्रतिदिन मछलियों को चारा खिलाने के लिए काली माँ घाट यमुना नदी के तट पर जाता था। मंगलवार को उसे अन्य दिनों की अपेक्षा कुछ देर हो गई। रात के लगभग 10:00 बज गए थे। वह मछलियों को चारा खिला ही रहा था कि चौकी प्रभारी रणजीत सिंह और एक सिपाही वहाँ पर आये। आशीष के मुताबिक चौकी इंचार्ज शराब के नशे में थे और उससे पूछताछ करने लगे। उसने हकीकत बताई तो वह भड़क गए और भद्दी भद्दी गालियां देने लगे। आशीष के मुताबिक उसने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह सैंड आर्टिस्ट है बावजूद इसके चौकी इंचार्ज ने गालियां देते हुए उसे थप्पड़ मार दिया। वह यहीं नहीं रुके बल्कि जान से मार देने की धमकी भी दी। कहा कि ये बंदूक देख रहे हो न पूरी नौ की नौ गोली तुम्हारे सीने में डाल दूँगा और किसी को पता भी नही चलेगा। मनमानी करने के बाद चौकी इंचार्ज ने उसे घाट से भगा दिया। आशीष का कहना है कि वहां से जाने के बाद उसने थानाध्यक्ष कीडगंज, एसएसपी प्रयागराज और 100 नम्बर पर फोन करके आपबीती सुनाई। एसएसपी के पीआरओ के बुलाने पर वह अगले दिन उनके कार्यालय गया और घटना के संदर्भ में शिकायती पत्र सौंपा। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। मामले में सोचने की बात यह है कि यदि आम आदमी के प्रति पुलिस के लोगों का ऐसा रवैया रहेगा तो भला पुलिस पर कौन विश्वास करेगा, कैसे वह लोगों की रक्षा करेगी।

Related Articles

Back to top button