24 घंटों में चार हत्याओं से शहर Prayagraj थर्राया

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। शहर में होली के दूसरे दिन दो युवकों की हत्या कर दी गई।घटना खुल्दाबाद स्थित लकड़ मंडी इलाके में शनिवार अपराहन दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और फिर फायरिंग शुरू हो गई।
इसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए शहर के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी 24 घंटे नहीं बिते थे की कल यानी होली के मुख्य पर्व पर भी शहर के जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर में दो युवकों की हत्या कर दी गई थी।
खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के लकड़मंडी इलाके के रहने वाले दुर्गेश 28 और विनोद 32 शनिवार को होली के दिन कई साथियों के साथ बैठकर मोहल्ले में ही शराब पी रहे थे। अचानक दुर्गेश और विनोद के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। देखते ही देखते दोनों मारपीट करने लगे।
इसी बीच फायरिंग शुरू हो गई और गोली दुर्गेश, विनोद और उनके एक साथी को लग गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो तीनों तड़प रहे थे। आनन-फानन में तीनों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने दुर्गेश और विनोद को मृत घोषित कर दिया। इसमें दुर्गेश भाजपा का कार्यकर्ता बताया जाता है।




