पहले ही दिन लेट पहुंची तेजस एक्सप्रेस

130 किमी रफ्तार, सेल्फी ले ट्रेन में हुए सवार
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर छह पर यात्री तेजस एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। यात्रियों में खासी उत्सुकता थी क्योंकि प्रयागराज के रास्ते यह पहली तेजस एक्सप्रेस चली है। वंदेभारत एक्सप्रेस को मरम्मत के लिए भेजे जाने से तेजस एक्सप्रेस स्पेशल नई दिल्ली से वाराणसी तक चलाई गई है। मंगलवार को ठीक 12.47 बजे घोषणा होती है कि ट्रेन संख्या 02436 कुछ ही देर में प्लेटफार्म छह पर आ रही है। नई दिल्ली से तेजस एक्सप्रेस का आगमन होता है और जिन यात्रियों को तेजस से वाराणसी जाना था वे चढऩे से पहले ट्रेन के साथ सेल्फी लेते हैं। फिर कोच में जाते हैं।
नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चली तेजस एक्सप्रेस अपने पहले सफर में ही लेटलतीफी की शिकार हुई। यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन पर अपने निर्धारित समय से लगभग पौन घंटे देरी से पहुंची। बड़ी संख्या में आरपीएफ के जवान प्लेटफार्म छह पर मौजूद रहे। मंगलवार को आई तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों ने 130 किमी की रफ्तार से सफर का अनुभव लिया। बुधवार से तेजस एक्सप्रेस स्पेशल के नाम से टिकट बुकिंग शुरू होगी। 15 फरवरी से 31 मार्च तक वंदेभारत बंद रहेगी तब तक नई दिल्ली वाराणसी-नई दिल्ली तक तेजस एक्सप्रेस स्पेशल को वंदेभारत के रूट और समय पर चलाया जाएगा।



