Breaking: बाहुबली MLA विजय मिश्र को भदोही से भेजा गया नैनी सेंट्रल जेल, जेलर की रिपोर्ट पर लिया गया फैसला

रिश्तेदार की संपत्ति हथियाने के आरोपी ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उन्हें भदोही कारागार में रखा जाना था, लेकिन जेल अधीक्षक के कारागार को असुरक्षित बताने पर विजय मिश्र को नैनी जेल भेज दिया गया। विधायक को भदोही पुलिस ने रविवार को रिमांड मजिस्ट्रेट आलोक यादव की अदालत में पेश किया था।
विधायक विजय मिश्र को मध्य प्रदेश के आगर मालवा से ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद भदोही पुलिस रविवार को दोपहर सवा तीन बजे उन्हें लेकर भदोही पहुंची थी। इस दौरान उनके पीछे 300 वाहनों का काफिला भी आ रहा था। उनके सारे समर्थक प्रयागराज-भदोही सीमा पर ऊंज के पास रोक लिये गये, इससे गुस्साए समर्थकों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की।
इस बीच पुलिस ने उन्हें लाठियां भांज कर खदेड़ा दिया। इसके बाद विधायक को भदोही में रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। विधायक पक्ष ने जमानत याचिका नहीं दी बल्कि पुलिस की रिमांड को चुनौती दी।
अदालत ने प्रकरण पर सुनवाई करते हुए विधायक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। विधायक के विपक्ष में अभियोजन अधिकारी मुकेश मिश्रा ने बहस पैरवी की। उधर, तीसरे दिन भी उनकी पत्नी एमएलसी रामलली मिश्र का पता नहीं लग सका है।



