कोरोना से तीन की मौत, मिले 164 नए मामले जिले में 1881 ऐक्टिव केस, कुल संख्या हुई 5615

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । जिले में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या में पिछले कुछ दिनों के दौरान भले ही कुछ गिरावट दर्ज की गई हो लेकिन हालात अब भी चिंताजनक बने हुए हैं। सोमवार को कोरोना के 164 नए मामले सामने आए। सोमवार को कोरोना से और तीन लोगों की मौत हो गई। हंडिया की रहने वाली 55 वर्षीय महिला व कर्नलगंज निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग के अलावा रीवा, मध्यप्रदेश निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने सोमवार को दम तोड़ दिया। जिले में अब तक कुल 5615 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। वर्तमान में सक्रिय केस 1881 हैं जबकि जनपद में कोरोना से होने वाली कुल मौत का आंकड़ा 96 पहुंच चुका है।
कोविड-19 के नोडल डॉ. ऋषि सहाय के अनुसार नए संक्रमितों में एंबुलेंस के दो ड्राइवर एवं एक ईएमटी शामिल हैं। साथ ही हाईकोर्ट के अधिवक्ता, सर्किट हाउस के एक कर्मचारी, एसआरएन अस्पताल के लैब टेक्नीशियन, होलागढ़ के एक लेखपाल, दारागंज थाने केसिपाही, चाका सीएचसी का एक स्वास्थ्यकर्मी, फूलपुर इफको के गार्ड, रेलवे के गार्ड, एसपी रेलवे कार्यालय का कर्मचारी एवं बहादुरपुर एसबीआई का एक कर्मचारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।



