संयुक्त टीम करेगी अतीक गैंग पर कार्रवाई, कसता जा रहा पुलिस व प्रशासन का शिकंजा

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । पूर्व सांसद और फिलहाल गुजरात के अहमदाबाद जेल में निरुद्ध बाहुबली अतीक अहमद और उसकी गैंग पर पुलिस व प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। अतीक अहमद एंड कम्पनी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी ने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, पीडीए और आरटीओ की एक संयुक्त टीम बनाई है। आईजी की पहल पर गठित यह टीम अतीक गैंग की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जांच कर, कार्रवाई करेगी।
अतीक अहमद और उसके गैंग के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस उसकी अवैध संपत्तियों का पता लगाकर गैंगस्टर एक्ट के तहत उन्हें सीज करने में जुट गई है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी समस्या यह सामने आई कि कई बेनामी संपत्तियों के बारे में जानकारी मिली लेकिन जांच में पता चला कि वह सम्पत्ति किसी और के नाम है। कई बार संबंधित विभागों को पत्राचार के बाद रिमाइंडर भेजा गया। ऐसे में अतीक गैंग पर तत्काल और ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।
आईजी केपी सिंह ने एक टीम गठित करने का सुझाव दिया। जिसके बाद जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी ने संयुक्त टीम का गठन किया है। इस टीम में एसडीएम सदर, सीओ सिविल लाइंस, पीडीए अधिकारी, नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रथम और एआरटीओ प्रशासन शामिल हैं। पांचों अधिकारियों की टीम अवैध रूप से अर्जित करने वाले अपराधियों की संपत्ति की जांच करके गैंगस्टर एक्ट के तहत सीज करने की कार्रवाई करेगी।



