महंगी कीमत पर बिक रही यूरिया खाद अन्नदाता परेशान

इस मनमानी का आखिर कौन है ज़िम्मेदार
कोराव,प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । स्थानीय तहसील क्षेत्र में सरकारी समितियों में खाद की कमी होने की वजह से निजी दुकानदार किसानों से मनमानी रेट वसूल रहे हैं। यूरिया खाद 80 से ₹100 रुपये प्रति बोरी महंगी कीमत पर बेची जा रही है ।जिसकी वजह से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।उल्लेखनीय है कि धान की फसल में खाद का छिड़काव करने के लिए किसानों द्वारा इस समय खाद का इंतजाम किया जा रहा है। लेकिन समितियों में सरकार के तमाम दावों के बाद भी पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होने की वजह से इसका पूरा फायदा स्थानीय तौर पर दुकानदार और लाइसेंस धारी उठा रहे हैं ।नगर पंचायत के वैदवार रोड पर गोपाल विद्यालय के पास एक दुकानदार द्वारा खुलेआम ₹265 प्रति बोरी यूरिया खाद को ₹350 प्रति बोरी की कीमत से बेचा जा रहा है उसका यह भी कहना है कि इसी कीमत पर बेचेगा जिसको लेना है ले जिसको ना लेना है ना ले। यह तो मात्र एक बानगी है पूरे क्षेत्र में इसी तरह से दुकानदारों द्वारा खाद के नाम पर कालाबाजारी एवं मनमानी रेट वसूला जा रहा है लेकिन सबसे हैरत की बात यह है कि मामले में जानकारी होने के बावजूद भी जिम्मेदार अफसर पूरी तरह से अनजान बने हुए हैं इसको लेकर किसानों में सरकार की व्यवस्था एवं उसके वादों के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।




