Latest

भारी न पड़ जाए डाटा फीडिंग की सुस्त रफ्तार

चेतावनी: जिला विद्यालय निरीक्षकों का रोका जाएगा वेतन
मानव संपदा पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड न होने का मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों और कर्मवारियों से संबंधित सूचनाएं अपलोड होने की सुस्त रफ्तार को शासन ने गंभीरता से लिया है। जी हां, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सूचनाएं अपलोड न करने पर अब जिला विद्यालय निरीक्षकों (जिविनि) का वेतन रोका जाएगा। मानव संपदा पोर्टल पर अब तक मात्र 35 प्रतिशत कार्मिकों की सूचनाएं अपलोड होने को गंभीरता से लेते हुए विशेष सचिव कुमार राघवेन्द्र सिंह ने सूबे के सभी जिविनि को पत्र लिखा है। अब तक 1,05,138 कार्मिकों में से 92,072 पंजीकृत हुए हैं और उनमें से मात्र 36,934 की प्रविष्टियां सत्यापित हो सकी हैं।
अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. महेन्द्र देव ने बताया कि मानव संपदा पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। कई जिलों में काम पिछड़ा है। स्थिति नहीं सुधरी तो जिला विद्यालय निरीक्षकों के वेतन रोकने की संस्तुति की जाएगी। इस काम में प्रयागराज, आगरा, अलीगढ़, आजमगढ़, बस्ती, गोरखपुर, बरेली, चित्रकूट, देवीपाटन, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, मेरठ और वाराणसी मंडल की प्रगति असंतोषजनक है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाला काम होने के बावजूद डाटा फीडिंग में लापरवाही मिलने पर संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है।

Related Articles

Back to top button