भारत और न्यूजीलैंड की टीमों ने प्रैक्टिस में जमकर बहाया पसीना

टीम इंडिया ने फिटनेस पर दिया जोर,किवी टीम ने की बल्लेबाजी
( अनुराग शुक्ला )
कानपुर ( अनुराग दर्शन समाचार ) । 25 नवंबर से शुरू हो रहे टेस्ट मैच के लिए भारत और न्यूजीलैंड की टीमों ने बुधवार को टेस्ट मैच के लिए फाइनल तैयारी को परखने के लिए उतरीं। महज आठ घंटे में भारत और न्यूजीलैंड की दोनों टीमों को अभ्यास के लिए बहुत कम समय मिला है। ऐसी स्थिति में टीमों फिटनेस के साथ तैयारियों को दुरुस्त करती दिखाई दीं। दोनों टीमों ने अंतिम अभ्यास के दौरान मैदान पर जमकर पसीना बहाया। नेट्स पर न्यूजीलैंड के खिलाडिय़ों ने जमकर बल्लेबाजी की तो वहीं टीम इंडिया ने फिटनेस पर ज्यादा जोर दिया। बुधवार को अभ्यास के लिए दिन के पहले सत्र में पहुंची न्यूजीलैंड की टीम ने वर्मआप करके खिलाडिय़ों की फिटनेस को परखा। इसके बाद दो नेट्स पर बल्लेबाज रास टेलर और कप्तान विलियमसन ने स्पिनर रचिन, एजाज व सेंटनर की गेंदों पर खूब अभ्यास किया। वहीं, एक पिच पर तेज गेंदबाज टिम साउथी, नील वैगनर और जेमीसन के सामने टाम लैथम, हेनरी निकोल्सन ने रक्षात्मक खेल का अभ्यास किया। इसके बाद स्टेडियम में पहुंची भारतीय टीम ने ड्रेसिंग रूम में मैच की रणनीति बनाकर डायरेक्टर पवेलियन की ओर बनी पिच पर अभ्यास किया। भारतीय टीम के खिलाडिय़ों ने सबसे अधिक जोर अपनी फिटनेस पर दिया।
फिटनेस वर्क करने के बाद कोच राहुल द्रविड़ ने टीम के स्पिनर आर अश्विन, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल से लगातार गेंदबाजी कराई।
*टेस्ट सीरीज में भी जीतने की मंशा से मैदान में उतरेगी भारतीय टीम : कप्तान रहाणे*
कानपुर ( अनुराग दर्शन समाचार )टी-20 सीरीज में जीत के बाद भारतीय टीम टेस्ट सीरीज में भी जीतने की मंशा से मैदान में उतरेगी। मध्यक्रम में विराट की कमी को पूरा करने के लिए भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट पर्दापण करेंगे। वे भारतीय टीम के 303 वें टेस्ट खिलाड़ी बन जाएंगे। बुधवार को अभ्यास सत्र के बाद हुए वर्चुअल प्रेसवार्ता में कप्तान रहाणे ने कहा कि भारतीय ओपनर लोकेश राहुल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वे टेस्ट सीरीज से बाहर हो गये हैं। टीम में विराट कोहली,रोहित शर्मा,लोकेश राहुल और ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में युवा खिलाड़ी खुद को साबित करेंगे। श्रेयस अय्यर टीम में मध्यक्रम की कमान संभालेंगे। हालांकि कप्तान ने अंतिम एकादश के बारे में कोई बात नहीं की। उन्होंने कहा कि वह पहले टेस्ट में कीवी टीम के खिलाफ जीत का आगाज करने के लिये पूरी तरह तैयार हैं।
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारतीय टीम घरेलू मैदान में अपना पहला मुकाबला खेलने जा रही है। घरेलू मैदान व पिच के व्यवहार का फायदा टीम को मिलेगा। हालांकि न्यूजीलैंड टीम भी काफी मजबूत हैं। वह मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियन है। ग्रीन पार्क का विकेट स्पिनर के लिए मददगार हो सकता है और न्यूजीलैंड टीम के पास भी बेहतर स्पिनर गेंदबाज है। जो मैच को किसी भी ओर मोड़ सकते हैं। टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की तारीफ करते हुए रहाणे ने कहा कि वह प्रत्येक खिलाड़ी पर फोकस करते हैं। उनकी क्षमता का टीम में सही उपयोग किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम टी-20 के बाद टेस्ट सीरीज में जीत की शुरुआत करेंगे।



