पीएम मोदी के आगमन को लेकर जोरदार तैयारी, ये है पूरा कार्यक्रम
प्रयागराज, ( अनुराग शुक्ला )। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 फरवरी को प्रयागराज के दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी संगम के परेड ग्राउण्ड में एक साथ 26,791 दिव्यांगों व बुजुर्गों को उपकरण वितरित करेंगे।

इस कार्यक्रम में पीएम मोदी दिव्यांगों और बुजुर्गों को उपकरण बांटकर वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कायम करेंगे। दरअसल एक ही दिन में किसी सरकारी कार्यक्रम में एक स्थान से इतनी बढ़ी संख्या में उपकरण वितरित करने का यह अनोखा विश्व रिकार्ड होगा।
इस दौरान पीएम तीन दिव्यांगजनों से अलग से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी तीनों दिव्यांगों से मन की बात करेंगे और लोगों को सम्बोधित भी करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन स्थल संगम क्षेत्र के परेड मैदान में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

कार्यक्रम स्थल पर विशाल मंच के साथ ही पांच बड़े पंडाल तैयार किये जा रहे हैं। जिसमें 70 हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय से 29 फरवरी के कार्यक्रम की सहमति भी मिल गई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए खुद सीएम योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में 17 फरवरी को अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं।

डीएम भानु चंद्र गोस्वामी भी लगातार कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दे रहे हैं। दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को परेड मैदान तक लाने के लिए 1200 से अधिक बसों का इंतजाम किया गया है।
प्रधानमंत्री के सुरक्षा के लिए प्रयागराज जोन के 8 जिलों से पुलिस फोर्स बुलाई जा रही है। पीएम सुरक्षा में छह आईपीएस, 15 एएसपी, 30 डिप्टी एसपी, लगभग सौ इंस्पेक्टर, 200 से ज्यादा सब इंस्पेक्टर, ढ़ाई हजार महिला और पुरुष सिपाहियों तैनाती की जाएगी। इसके अलावा दो बम डिस्पोजल स्क्वॉयड और छह एंटी सबोटाज चेक टीम सुरक्षा में तैनात होगी। पूरे कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए दस हजार से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों भी तैनाती जी जा रही है।




