क्राइम ब्रांच से हूॅ, बताकर ऑटो चालक को लूटा
रिश्तेदार के यहां आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में पशु मांस लेकर जा रहा था ऑटो चालक
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रयागराज में क्राइम ब्रांच से हूॅ बताकर लोगों के साथ लूट पाट करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने ऑटो चालक के परिजनों की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। शाहगंज पुलिस ने पकड़े गये आरोपी के पास से लूट का 800 रूपयें नगदी के अलावा भुक्तभोगी ऑटो चालक के एटीएम कार्ड कोड पूछकर निकाली गई 25 हजार रूपयें की नगदी बरामद किया है। पुलिस ने ऑटो पर रखा मांस को कब्जें में लेकर चालक के विरूद्ध केस दर्ज कर बरामद मांस को जांच हेतु नमूना लिया है।
जानकारी के मुताबिक झूंसी थाना क्षेत्र के मलावां बुजुर्ग गांव निवासी मो0 अरशद अली अंसारी पुत्र मो0 हबीब ऑटो चालक है। मो0 अरशद के परिजनों के मुताबिक उसके दूर के रिस्तेदार वसीम पुत्र मंजूर अहमद निवासी मिरईपुर थाना उतरांव की बहन तरन्नुम की शादी थी। रिस्तेदार के कहने पर वह गांव के मुमताज पुत्र स्व0 भल्लू के यहां से पशु मांस लेकर ऑटो रिक्शा से पहुंचाने के लिए रविवार की सुबह मिरईपुर जा रहा था। आरोप है कि इसी बीच पुलिस जैकेट पहने हुए दो बाइक सवार ऑटो के पास पहुंचे और चालक को अपना परिचय देते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच से हूॅ। जेल जाओ या फिर एक लाख रूपयें की ब्यवस्था करो। अपने को निर्दोष बातते हुए पैसे देने में असमर्थता जाहिर किया तो दोनो उसे प्रयागराज जंक्शन के पास ले गये और रिस्तेदार के पास फोन कर पैसे की ब्यवस्था करने को कहा। इधर परिजन झूंसी सहित आसपास के थानो और एसओजी प्रभारी से सम्पर्क कर सच्चाई जाननी चाही तो कही कुछ पता नही लगा। बदमाशों ने ऑटो चालक के पास मौजूद आठ सौ रूपयें नगदी के अलावा उसका एटीएम कार्ड छीन लिया और मारपीट कर कोड नम्बर पूछकर पास स्थित एटीएम से खाते में मौजूद 25 हजार रूपयें निकाल लिये। इधर खोजबीन में जुटे परिजन शाहगंज सीओ से मिलकर सच्चाई बताई तो पुलिस भी भौचक रह गई। सीओ के निर्देश पर शाहगंज पुलिस बदमाशों द्वारा बताये गये स्थान पर जा पहुंची और मौके से आजम नामक युवक को धर दबोचा जबकि उसका साथी तारिक निवासी अतरसुईया भागने में सफल रहा। पुलिस ने पकड़े गये आरोपी के पास से लूट की रकम बरामद करने के साथ ऑटो पर रखा मॉस कब्जें में लिया। पुलिस ने जांच हेतु मांस का नमूना लिया है। पुलिस ने पकड़े गये आरोपी के विरूद्ध जहां केस दर्ज कर लिया है वही फरार उसके साथी की खोज में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक बरामद मांस ले जा रहे ऑटो चालक के विरूद्ध भी केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


