कुंडा विधायक के पिता उदय प्रताप सिंह को भदरी आवास पर नजरबंद

प्रतापगढ़ (अनुराग दर्शन समाचार )। कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) के पिता उदय प्रताप सिंह के भदरी आवास पर शनिवार की सुबह पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। उदस प्रताप सिंह और उनके 10 समर्थकों को शाम पांच बजे से नजरबंद कर दिया जाएगा। उनके समर्थकों के घरों पर भी नोटिस तामील करा दी है।
जिला प्रशासन ने कुंडा स्थित शेखपुर आशिक गांव में हर साल की तरह इस बार भी उदय प्रताप सिंह के हनुमान मंदिर पर दसवीं मोहर्रम के दिन भंडारे के आयोजन पर रोक लगा दी है। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। जिलाधिकारी के निर्देश पर भारी संख्या में हनुमान मंदिर और भदरी स्थित उदय प्रताप सिंह के आवास पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए 31 अगस्त तक पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए दो प्लाटून पीएसी भी लगा दी गई है। पिछले पांच सालों से मोहर्रम पर यह तनाव बनता है। प्रशासन शांति व्यवस्था के मद्देनजर वर्ष 2016 से भंडारे का आयोजन नहीं होने दे रहा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने उदय प्रताप सिंह व अन्य की याचिका पर पूर्व में जिला प्रशासन को निर्देशित किया था कि वह परिस्थितियों के अनुरूप फैसला ले।




