इविविः 11 शहरों में प्रवेश परीक्षा के 330 केन्द्र

ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी प्रवेश परीक्षा
पूछे जाएंगे 150 बहुविकल्पीय प्रश्न, मिलेगा दो घंटे का समय
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं इसके संघटक महाविद्यालयों में स्नातक, परास्नातक समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए देशभर के 11 शहरों के 330 परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश परीक्षाएं कराई जाएंगी। प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, झांसी, गोरखपुर, कानपुर के अलावा पटना एवं नई दिल्ली में ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से परीक्षा होगी जबकि बंगलुरु, तिरुवनंतपुरम और कोलकाता में छात्रों को सिर्फ ऑनलाइन पेपर देना होगा। इन शहरों में कुल 62 परीक्षा केन्द्र ऑफलाइन व 48 परीक्षा केन्द्र ऑनलाइन होंगे। अकेले प्रयागराज के 33 केंद्रों पर ऑफलाइन और 14 केंद्रों पर ऑनलाइन मोड में परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।
परीक्षा केंद्रों की अंतिम संख्या का निर्धारण 5 सितंबर तक मिलने वाले आवेदनों की संख्या पर निर्भर करेगी। इविवि और संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश के लिए रविवार तक 124338 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। सर्वाधिक 66524 अभ्यर्थियों ने स्नातक, 18153 ने परास्नातक, 13872 ने एलएलएल (ऑनर्स) में प्रवेश के फॉर्म भरा है। प्रवेश परीक्षाएं 26 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित हैं। प्रवेश परीक्षाओं का परिणाम अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में घोषित करने की तैयारी है। क्रेट को छोड़कर अन्य सभी पाठ्यक्रमों में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षार्थियों को परीक्षा में दो घंटे का समय दिया जाएगा।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रशांत अग्रवाल के अनुसार केंद्र निरीक्षक अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था इस प्रकार करेंगे कि दो लोगों के बीच कम से कम 6 फीट की दूरी रहे। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कोरोना से बचाव के लिए सभी उपाय किए जाएंगे।


