कितने छात्र नहीं देख पा रहे शैक्षिक वीडियो

स्कूलों में आनलाइन पढ़ाई की हकीकत जानने की कवायद
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । सूबे के लगभग 28 हजार सरकारी स्कूलों में आनलाइन पढ़ाई की हकीकत जानने की कवायद शुरू हो गयी है। यूपी बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने सभी संयुक्त शिक्षा निदेशकों को पत्र लिखकर 28 हजार से अधिक स्कूलों में वर्चुअल स्कूल और ई-ज्ञान गंगा के माध्यम से कराई जा रही पढ़ाई-लिखाई का ब्योरा मांगा है।
मंडल स्तरीय अधिकारियों से यह जानकारी मांगी गयी है कि स्वयंप्रभा व दूरदर्शन चैनलों पर प्रसारित वीडियो को देखने वाले कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं की संख्या क्या है। कितने छात्र हैं जो वीडियो नहीं देख पा रहे। जिले में स्कूलों की संख्या, प्रसारित वीडियो के विषय से संबंधित शिक्षकों की कुल संख्या और उसे देखने वाले शिक्षकों की संख्या क्या है।
यह बताने को कहा गया है कि ऑनलाइन पढ़ाई के पर्यवेक्षण के लिए कुल कितने नोडल अधिकारी हैं, जिला स्तर पर कंट्रोल रूम है या नहीं, कंट्रोल रूम में तैनात नोडल अधिकारी का नाम, पदनाम व मोबाइल नंबर क्या है। जेडी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी द्वारा कितने स्कूलों का निरीक्षण अब तक किया गया, इसकी जानकारी भी मांगी है।



