एसआरएनः मरीज को नहीं मिला स्ट्रेचर

भर्ती होने से पहले हो गई मौत, परिजनों का हंगामा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एसआरएन अस्पताल में एक मरीज को स्ट्रेचर नहीं मिला। मरीज के परिजन अस्पताल की कुर्सी पर ही बैठाकर उसे अंदर ले गए लेकिन भर्ती करने से पहले ही मरीज ने दम तोड़ दिया। काफी देर हंगामे के बाद परिजन शव लेकर लौट गए।
एसआरएन अस्पताल में बुधवार दोपहर प्राइवेट एंबुलेंस से एक मरीज पहुंचा। बुजुर्ग मरीज को एंबुलेंस से उतारने के बाद परिजन कुछ देर तक स्ट्रेचर का इंतजार करते रहे। जब नहीं मिला तो वह अस्पताल के अंदर मौजूद एक कुर्सी पर मरीज को बैठाया। तीन लोग कुर्सी उठाकर अंदर लेकर जाने लगे। वह वार्ड तक पहुंचते उससे पहले ही मरीज ने दम तोड़ दिया।
इसके बाद मरीज के परिजन शव लेकर बाहर आ गए। शव देखकर घर वाले बिलख पड़े। दहाड़ें मारकर रोने लगे। बाद में वह शव लेकर लौट गए। इस पूरे घटनाक्रम का अस्पताल में मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। उस मरीज को कोरोना पॉजिटिव भी बताया गया। मामले की जानकारी होने पर अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. एसपी सिंह ने प्रकरण पता कराया तो मालूम हुआ कि मरीज का अस्पताल में भर्ती ही नहीं बना है।
प्रिंसिपल डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि अस्पताल में हेल्प डेस्क बनी है। स्ट्रेचर भी उपलब्ध था। वीडियो देखने के बाद पता करने पर मालूम हुआ कि परिजन जल्दबाजी में उसे कुर्सी पर लेकर चले गए। हालांकि मरीज काफी गंभीर था। इसीलिए भर्ती करने से पहले ही उसकी मौत हो गई। अव्यवस्था जैसा कोई मामला नहीं है। वह कोरोना का भी मरीज नहीं था।


