नीलिमा को मिला राज्य अध्यापक पुरस्कार 2019
शिक्षक दिवस पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शिक्षक दिवस 5 सितंबर को पूर्व माध्यमिक विद्यालय जोगिया शेखपुर फूलपुर की शिक्षिका नीलिमा श्रीवास्तव को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। वो राज्य अध्यापक पुरस्कार 2019 के लिए चुनी गई हैं। उन्होंने ग्रामीण बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि पैदा करने के लिए कई प्रयोग किए।
शिक्षिका नीलिमा श्रीवास्तव ने वर्ष 1999 में प्राथमिक विद्यालय शाहापुर फूलपुर से अध्यापन की शुरुआत की। 2007 में पूर्व माध्यमिक विद्यालय जोगिया शेखपुर फूलपुर में कार्यभार ग्रहण किया। स्कूल में पुस्तकालय व बाल क्लब की शुरुआत, मिड-डे-मील, क्यारी का निर्माण, बच्चों के लिए लुडो, चेस, कैरम, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन आदि खेलों का इंतजाम करने के अलावा विज्ञान प्रयोगशाला की स्थापना की।
बच्चों में लोकतंत्र की समझ पैदा करने के लिए उन्होंने बाल संसद का गठन किया। शिक्षा में शून्य नवाचार बाल संसद के लिए मुख्यमंत्री ने 2016 में पुरस्कृत किया था। शून्य निवेश नवाचार के जरिए शिक्षा में गुणवत्ता संवर्द्धन के प्रयास के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से भी सम्मानित किया जा चुका है।



