सीबीआई ने की पूर्व परीक्षा नियंत्रक से पूछताछ

यूपीपीएससी की भर्तियों की जांच में बाहरी विशेषज्ञों की मदद
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की भर्तियों की जांच के संबंध में सीबीआई की टीम मंगलवार को आयोग पहुंची। सूत्रों की मानें तो इस दौरान सीबीआई टीम ने आयोग के एक पूर्व परीक्षा नियंत्रक से भी पूछताछ की। इसके बाद घंटों आयोग के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। देर शाम सीबीआई टीम आयोग से बाहर गई। भर्तियों में ज्यादा गड़बडी मिलने पर बाहरी विशेषज्ञों को भी सीबीआई ने बुलाया लिया है।
सूत्रों के मुताबिक पीसीएस 2015, एपीएस 2010, आरओ-एआरओ 2013, पीसीएस जे 2011 और मेडिकल अफसर की सीधी भर्ती में सीबीआई को ज्यादा गड़बड़ी मिली है। इनकी जांच सीबीआई बाहरी विशेषज्ञों कराना शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीबीआई मुकदमा भी दर्ज करा सकती है।
ज्ञात हो कि आयोग के पीसीएस 2015 और एपीएस 2010 में चयनित कुछ अभ्यर्थियों एवं कुछ कमचारियों को सीबीआई ने नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा है। इन सभी को गोविंदपुर स्थित कैंप कार्यालय में उपस्थित होकर जवाब देना होगा।
मंगलवार को सुबह दस बजे से गोविंदपुर स्थित कैंप आफिस पहुंच कर दर्जनों अभ्यर्थियों ने भर्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान कुछ अभ्यर्थी सीबीआई के अफसरों से मिलना चाह रहे थे। इस पर उन्हें जवाब मिला कि सीबीआई टीम आयोग गई है। यदि भर्तियों में गड़बड़ी के संबंध कुछ साक्ष्य देना है या वार्ता करनी है तो बुधवार को सुबह आ सकते हैं।



