सावधान, दोबारा दस्तक दे रहा कोरोना

दो डॉक्टर दूसरी बार हुए कोरोना पाजिटिव
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना निगेटिव हो चुके लोग लापरवाही न बरतें क्योंकि कोरोना दोबारा दस्तक दे रहा है। जी हां, एक हफ्ते के भीतर दो-दो डाक्टरों के दूसरी बार कोरोना पाजिटिव मिलने से हड़कंप है। सहसो प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर तैनात एक डॉक्टर की रिपोर्ट दोबारा कोरोना पॉजिटिव आई है। इससे पांच दिन पहले एसआरएन कोविड अस्पताल के एक जूनियर डॉक्टर भी दोबारा कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
सहसो के डॉक्टर एक माह पहले आरटीपीसीआर जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। करीब 10 दिन बाद वह निगेटिव हो गए। वह आश्वस्त हो चुके थे कि अब उन्हें दोबारा कोरोना नहीं होगा। लेकिन जब कुछ लक्षण दिखे तो उन्होंने अपनी मां समेत अपनी भी आरटीपीसीआर जांच कराई। उनकी मां की रिपोर्ट तो निगेटिव आई लेकिन वह खुद दोबारा कोरोना वायरस की चपेट में आ गए। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव रही।



