यूपी डीएलएड ने जारी किया परीक्षा कार्यक्रम प्रोन्नत होने वालों की संख्या करीब साढ़े तीन लाख से अधिक परीक्षाओं में कोविड-19 के मनकों का पालन करने का निर्देश
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजूकेशन (यूपी डीएलएड) में प्रोन्नत करने और अन्य परीक्षाएं कराने का आदेश जारी हो गया है। इस संबंध में परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव ने प्रस्ताव भेजा था। शासन ने निदेशक राज्य शैक्षिक अनुसंधान प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) को दिशा-निर्देश जारी किया है। प्रोन्नत होने वालों की संख्या करीब साढ़े तीन लाख से अधिक है। अब परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी विस्तृत आदेश और परीक्षा कार्यक्रम जारी करेंगे।
बता दें कि पिछले दिनों शासन ने डीएलएड के प्रशिक्षण वर्ष 2018 के तीसरे सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं को बिना परीक्षा के चौथे सेमेस्टर में प्रमोट करने का फैसला किया है। डीएलएड प्रशिक्षण वर्ष 2019 के पहले सेमेस्टर के सभी प्रशिक्षुओं को भी इम्तिहान दिए बिना दूसरे सेमेस्टर में प्रमोट किया जाएगा। कोरोना महामारी के कारण परीक्षाएं न करा पाने की वजह से शासन ने छात्रहित में यह निर्णय लिया है। इस निर्णय का लाभ प्रशिक्षण वर्ष 2018 में तीसरे सेमेस्टर के 1,65,552 और प्रशिक्षण वर्ष 2019 के पहले सेमेस्टर के 1,82,510 प्रशिक्षुओं को मिलेगा। प्रशिक्षण वर्ष 2018 के तीसरे सेमेस्टर में प्रमोट किये जाने वाले प्रशिक्षुओं के चौथे सेमेस्टर की परीक्षा अक्टूबर में होगी। वहीं प्रशिक्षण वर्ष 2019 के पहले सेमेस्टर में प्रमोट किये जाने वाले प्रशिक्षुओं के दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा भी अक्टूबर में करायी जाएगी।
डीएलएड प्रशिक्षण वर्ष 2018 में तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए अर्ह प्रशिक्षुओं के प्रथम व द्वितीय सेमेस्टर के सभी विषयों में हों, के औसत अंक के समान अंक देते हुए उनको तृतीय सेमेस्टर में प्रमोट किया जाएगा। प्रमोट सभी प्रशिक्षुओं की चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा अक्टूबर में कराई जाएगी। वहीं, डीएलएड 2019 प्रथम सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं को शत-प्रतिशत प्रमोट किया जाएगा। द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा अक्टूबर में कराई जाएगी। प्रशिक्षुओं को दूसरे सेमेस्टर में मिले अंक ही पहले सेमेस्टर के अंक माने जाएंगे। यह परीक्षा मार्च में प्रस्तावित थी।
एनटीटी परीक्षा 2015-16 की द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा जनवरी-फरवरी में कराकर परिणाम घोषित हो चुका है। तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा अक्टूबर में कराई जाएगी। वहीं 2016-17 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा अक्टूबर में कराई जाएगी। सीटी नर्सरी प्रशिक्षण परीक्षा 2015-16 अप्रैल में प्रस्तावित थी। प्रयागराज में 34, आगरा में 27 सहित कुल 61 छात्राएं प्रशिक्षण ले रही हैं। यह परीक्षाएं कराने का निर्देश जारी किया गया है। डीपीएड प्रशिक्षण 2015-16 परीक्षा भी अप्रैल में होनी थी लेकिन लॉकडाउन के कारण नहीं हो सकी। इसमें प्रशिक्षुओं की संख्या 88 है। अब यह परीक्षाएं कराई जा सकती हैं। डिप्लोमा इन गाइडेंस साइकोलॉजी परीक्षा मई में होनी थी। इस प्रशिक्षण में प्रशिक्षुओं की संख्या बहुत कम है। अब यह परीक्षाएं कराई जा सकती हैं। पुस्तकालय विज्ञान प्रमाणपत्र परीक्षा अप्रैल में प्रस्तावित थी, जो कोविड-19 की वजह से नहीं हो सकी। इस प्रशिक्षण में भी प्रशिक्षुओं की संख्या बहुत कम है। संयुक्त सचिव राजेंद्र सिंह की ओर जारी निर्देश में कहा गया है कि अब यह परीक्षाएं शारीरिक दूरी का पालन करते हुए कराई जा सकती हैं।



