इविवि: 26 सितंबर से शुरू हो रही प्रवेश परीक्षा आनलाइन व आफलाइन मोड में परीक्षा की तैयारी पूरी: प्रो. प्रशांत

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और उसके संघटक कॉलेजों में दाखिले के लिए शनिवार, 26 सितंबर को बीएससी (गणित, बॉयो, गृह विज्ञान) और बीकॉम की प्रवेश परीक्षा होगी। यह प्रवेश परीक्षा देश के 11 शहरों के 77 केंद्रों पर दो पालियों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी। 26 सितंबर की दोनों पालियों में 35654 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
प्रवेश प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ. शैलेंद्र राय ने बताया कि 26 सितंबर को पहली पाली में बीएससी (मैथ और बॉयो) की परीक्षा ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में होगी। दूसरी पाली में बीकॉम और बीएससी होम साइंस की प्रवेश परीक्षा होगी। बीएससी मैथ के लिए 17707, बीएससी बायो के लिए 7635, बीएससी गृह विज्ञान के लिए 91 और बीकॉम के लिए 10221 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। प्रयागराज, बेंगलुरू, दिल्ली, गोरखपुर, झासी, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, पटना, तिरुवनंतपुरम और वाराणसी के 45 ऑफलाइन और 32 ऑनलाइन केन्द्रों पर परीक्षा होगी। अकेले प्रयागराज में परीक्षा के लिए 27 ऑफलाइन और 11 ऑनलाइन परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है।
इविवि प्रवेश परीक्षा शुरू होने के साथ ही दाखिले की प्रक्रिया में लगाए गए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल की तरफ से बाकायदा आदेश भी जारी कर दिया गया है। आदेश के मुताबिक जब तक दाखिले की प्रक्रिया चलेगी किसी भी शिक्षक और कर्मचारी को अवकाश नहीं स्वीकृत किया जाएगा।



