Latest

पहले की तरह चलने लगीं ओपीडी कोविड अस्पताल होने के कारण बेली और एसआरएन को छूट

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल व एसआरएन अस्पताल को छोड़कर जिले के सभी अस्पतालों में ओपीडी सेवा बहाल हो चुकी है। पहले की तरह मरीजों का इलाज शुरू हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों को निर्देशित किया गया कि वह अस्पतालों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं और अस्पताल में आने वाले मरीजों का इलाज कोविड-19 के प्रोटोकाल को देखते हुए करें, ताकि संक्रमण का खतरा न उत्पन्न होने पाए।
शासन की ओर से सीएमओ को भेजे गए पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि गुरुवार से ही ओपीडी शुरू कराई जाए, इसके क्रम में ज्यादातर अस्पतालों की ओपीडी चालू हो गई। बता दें कि इस लिखित आदेश के पहले से ही नॉन कोविड अस्पतालों में ओपीडी चल रही थी लेकिन कुछ डॉक्टर व स्टाफ कोरोना काल का हवाला देते हुए ड्यूटी नहीं जा रहे थे। इसकी शिकायत मिलने पर शासन स्तर पर सख्ती की गई है। हर हाल में ओपीडी शुरू कराने के लिए कहा गया। बेली और एसआरएन को कोविड अस्पताल बनाए जाने के कारण इन अस्पतालों में ओपीडी अभी नहीं चलेंगी।
सीएमओ डॉ. जीएस वाजपेयी ने बताया कि कोविड अस्पताल को छोड़कर सभी सीएचसी-पीएचसी व अन्य अस्पतालों की ओपीडी पहले की तरह चलेंगी। अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी होगी कि डॉक्टर को दिखाने के लिए या जाच कराने के लिए मरीजों की भीड़ एकत्रित नहीं होनी चाहिए। मरीज, तीमारदार डॉक्टर व अन्य स्वास्थ्यकर्मी मॉस्क का प्रयोग हर हाल में करेंगे। ओपीडी में आए मरीजों की लाइन लगवाई जाएगी ताकि फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके। सीएमओ ने बताया कि सभी अस्पतालों में तैनात सभी डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर अवश्य जाएंगे।

Related Articles

Back to top button