सुबह की पाली में ऑनलाइन मोड में होगी परीक्षा

इविवि: पीजी अंतिम सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम बदला
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों की परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा कार्यक्रम में शुक्रवार को बदलाव कर दिया गया है। 28 सितंबर यानी सोमवार से शुरू होने वाली परास्नातक, एलएलएम और प्रोफेशनल पाठ्यक्रम के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं अब सिर्फ सुबह एक ही पाली में आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में होंगी। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम इविवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक अक्टूबर को प्रस्तावित परीक्षाएं स्थगित कर दी गई है। क्योंकि इविवि की बीएड प्रवेश परीक्षा तिथि से टकरा रही थी। इसे लेकर छात्र-छात्राएं भी काफी परेशान थे। छात्रों की मांग पर एक अक्टूबर को होने वाली सभी परीक्षाओं की तिथि में बदलाव कर दिया गया है। अब यह परीक्षाएं 12 अक्टूबर को होंगी। इसके अलावा 29 सितंबर को होने वाली विधि की परीक्षा तिथि यूजीसी नेट से टकरा रही थी। ऐसे में अब यह परीक्षाएं 30 सितंबर को कराई जाएंगी। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि सभी परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में ही संपन्न कराई जाएंगी। वहीं, शुक्रवार को पहली पाली में प्राचीन इतिहास, रसायन विज्ञान, बीटेक और दूसरी पाली में सीबीसीएस की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा में तकरीबन 2700 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।




