Latest

दस माह बाद भी नहीं शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया

प्रधानाध्यापक के 58 व शिक्षकों के 262 पद रिक्त

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शिक्षकों की भर्ती एवं सेवा की शर्तों की नियमावली- 1978 में संशोधन के दस माह बाद भी जनपद में भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूलों में बड़ी संख्या में चपरासी से लेकर प्रधानाध्यापक तक के पद खाली हैं। पिछले दस महीने में कई दफे रिक्त पदों का ब्योरा शासन से मांगा जा चुका है लेकिन भर्ती प्रक्रिया परवान नहीं चढ़ सकी।
प्रयागराज जनपद के 106 एडेड जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 58 और सहायक अध्यापकों के 262 पद खाली हैं। परिचारक के 26 और लिपिक के 42 पद भी रिक्त हैं। कुछ स्कूल ऐसे भी हैं जो एक शिक्षक के भरोसे खुल रहे हैं। न तो वहां प्रधानाध्यापक है और न ही लिपिक या चपरासी।
अशरफी लाल जायसवाल जूनियर हाईस्कूल बाबूगंज फूलपुर और आदर्श जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय जगदीशपुर हंडिया की बात करें तो यहां एक-एक शिक्षक हैं। वहीं गुलाब सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय भागीपुर, बहादुरपुर व स्वतंत्रता सेनानी अयोध्या प्रसाद तिवारी जूनियर हाईस्कूल चाका में एक-एक शिक्षक व चपरासी हैं। पिछले महीने शासन को रिक्त पदों की सूचना भेजी गई है।

Related Articles

Back to top button