मुक्त विश्वविद्यालय एवं हिंदुस्तानी एकेडमी के बीच हुआ एमओयू

शैक्षणिक और साहित्यिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज एवं हिंदुस्तानी एकेडमी, प्रयागराज ने बुधवार को परस्पर सहमति पत्र एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इसके अंतर्गत अब विश्वविद्यालय तथा एकेडमी के पास उपलब्ध सुविधाओं और विशेषज्ञता की साझेदारी द्वारा सांस्कृतिक साहित्य सृजन को बढ़ावा देने के लिए परस्पर संबंध को सुदृढ़ और सशक्त किया जाएगा।
इसके साथ ही संयुक्त अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही सेमिनार, सम्मेलन, कार्यशाला आदि में भागीदारी की जाएगी तथा संयुक्त सम्मेलन, सेमिनार व कार्यशाला आयोजित की जाएंगी। विशेष शैक्षिक कार्यक्रम विकसित किए जाएंगे तथा उनका निष्पादन किया जाएगा। संयुक्त परामर्श सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही दोनों पक्षों की पूर्व सहमति से संकाय सदस्यों का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा तथा शैक्षिक सामग्री का भी आदान-प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने बताया कि एमओयू का उद्देश्य दोनों संस्थाओं में शैक्षिक एवं साहित्यिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए शैक्षिक ढांचा तैयार करना है।
विश्वविद्यालय में आयोजित हुए समारोह में कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह, कुलसचिव प्रोफेसर पी पी दुबे, हिन्दुस्तानी एकेडमी के अध्यक्ष डॉ उदय प्रताप सिंह, सचिव श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, वित्त अधिकारी श्री अजय कुमार सिंह तथा अन्य अधिकारी एवं शिक्षक शामिल रहे।


