यूपीपीएससी: हिन्दी विषय से एलटी ग्रेड भर्ती का मामला-सफल अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन 15 से

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक (एलटी ग्रेड) भर्ती 2018 के हिंदी विषय के महिला एवं पुरुष शाखा का रिजल्ट घोषित किया जा चुका है।
दोनों शाखा में चयनितों के अभिलेखों का सत्यापन 15 अक्तूबर से शुरू होगा। इसके लिए आयोग वेबसाइट पर गुरुवार को प्रोफार्मा अपलोड करेगा।
संबंधित अभ्यर्थियों को सत्यापन के प्रोफार्मा का प्रिंट लेकर आयोग में जमा करना होगा।
आयोग सचिव जगदीश की ओर से जारी सूचना के अनुसार एलटी ग्रेड हिन्दी विषय के पुरुष शाखा के अभ्यर्थी 15 से 23 अक्तूबर तक सत्यापन के लिए आयोग में सुबह दस से दो बजे के मध्य उपस्थित होकर अभिलेख जमा कर सकते हैं।
वहीं महिला शाखा के अभ्यर्थी 26 अक्तूबर से पांच नवम्बर तक सुबह दस से दो बजे के बीच अभिलेख जमा कर सकते हैं।
ज्ञात हो कि प्रदेश के राजकीय इंटर कॉलेजों में रिक्त 10768 पदों के लिए एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया 15 मार्च 2018 को प्रारंभ हुई थी।
29 जुलाई 2018 को लिखित परीक्षा हुई थी, जिसके लिए प्रदेश के 39 जिलों में 1760 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले 763317 अभ्यर्थियों में से 52 प्रतिशत परीक्षा में शामिल हुए थे।
महिला शाखा में 737 पदों के सापेक्ष 737 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है। वहीं, पुरुष शाखा के 696 पदों के सापेक्ष 695 का रिजल्ट बीते सोमवार को घोषित कर दिया गया है।


