Latest

आशीष ने एडवोकेट्स इलेवन को बनाया चैंपियन

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आशीष सिंह के हरफनमौला खेल (97 रन, 39 गेंद, सात चौके, आठ छक्के एवं तीन विकेट) के दम पर एडवोकेट्स इलेवन ने जय सेल्स वॉरियर्स को 49 रन से हराकर प्रयागराज टी-20 लीग के खिताब पर कब्जा जमाया। खेलगांव पब्लिक स्कूल मैदान पर शनिवार को खेले गए फाइनल मैच में टॉस हारकर एडवोकेट्स इलेवन ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 189 रन (आशीष सिंह 97, शैलेंद्र सिंह 49 नाबाद, नौशाद अहमद 31, बृजेश यादव व मोहम्मद नसर एक-एक विकेट) बनाकर जय सेल्स वॉरियर्स को 20 ओवर में 9 विकेट पर 140 रन (इमरोज़ 34, कौशिक पाल 28, वकार रिज़वान 22, कलीम अख्तर 21, अजय पांडेय 4/23, आशीष सिंह 3/18) पर समेट दिया।

मुख्य अतिथि खेलगांव पब्लिक स्कूल के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. यूके मिश्र ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। विशिष्ठ अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के क्रिकेट कोच देवेश मिश्र ने व्यक्तिगत पुरस्कार और हसबीन अहमद ने विशेष पुरस्कार बांटे। आशीष सिंह को मैन ऑफ द मैच, आरसीसी के रवींद्र आनंद को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, अजय पांडेय को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, प्रयाग जिमखाना के विनीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर और इमरोज़ को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

मैच से पहले अमेरिकी जिमनास्टिक कोच यिन अलबरेज और खेलगांव पब्लिक स्कूल के वाइस चेयरमैन अनिल मिश्र ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मैच में मोहम्मद नबी और राजन पाल ने अंपायरिंग एवं ख़ुर्शीद अहमद ने स्कोरिंग की। आयोजन सचिव आलोक सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन और अध्यक्ष मनोज कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन पंकज कुशवाहा ने किया। इस मौके पर योगेंद्र पांडेय, सलीम अहमद, भानु प्रताप सिंह, मनीष सिंह आदि मौजूद रहे।

ज्वेल के करिश्माई खेल से जीता स्ट्राइकर्स इलेवन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ज्वेल पॉल के शतक (104 रन, 54 गेंद, 16 चौके, चार छक्के एवं 3-0-06-5) की बदौलत स्ट्राइकर्स इलेवन ने टाइटन इलेवन को 59 रन से हराकर ब्वायज हाईस्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य की स्मृति में आयोजित ए.टी. फ्लिन टी-20 का उद्घाटन मुकाबला अपने नाम किया। बीएचएस मैदान पर शनिवार से शुरू हुई प्रतियोगिता में स्ट्राइकर्स इलेवन ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 191 रन (जोएल पॉल 104, जॉय पॉल 42, अमर फ्रांसिस 4/29) बनाकर टाइटन इलेवन को 17.3 ओवर में 132 रन (अमित टोपनो 40, रिचर्ड 24, ज्वेल पॉल 5/06, जॉय पॉल 2/17) पर समेट दिया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन बीएचएस के प्रधानाचार्य डीए ल्यूक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया।

एएमसी लीगल की रोमांचक जीत

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एएससी लीगल ने वंडर्स इलेवन को सात रन से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी मास्टर्स क्रिकेट प्रतियोगिता में पूरे अंक प्राप्त किये। डीएवी कालेज मैदान पर शनिवार को खेले गये मैच में एएमसी लीगल ने 20 ओवर में 179 रन (विजय तिवारी 62, साजिद खान 43, बृजेश 5/32) बनाये। जवाब में वंडर्स इलेवन की टीम 20 ओवर में 172 रन (आरिज अल्वी 65 नाबाद, मुमताज व पंकज कुशवाहा 39-39, कामेश द्विवेदी व अभिषेक मिश्र दो-दो विकेट) ही बना सकी।

Related Articles

Back to top button