ईश्वर शरण को जल्द मिलेगा विवि का दर्जा

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। ईश्वर शरण महाविद्यालय लगातार विश्वविद्यालय की तरह काम कर है। जल्द ही इसे विश्वविद्यालय का दर्जा मिल सकेगा।
महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में बोलीं राज्यपाल
इसके लिए लगातार महाविद्यालय प्रबंधन प्रयासरत भी है। यह बातें इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की चीफ रेक्टर और उप्र की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहीं। राज्यपाल महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहीं थीं।
अपने ऑनलाइन संबोधन में उन्होंने कहा कि ईश्वर शरण महाविद्यालय की नींव महात्मा गांधी ने हरिजन सेवक संघ की एक संस्था के रूप में स्थापित की रखी थी, जो आज एक वटवृक्ष के रूप में आकार ले चुका है। गांधी के आदर्शों की विरासत यह महाविद्यालय शीघ्र ही विश्वविद्यालय का तमगा प्राप्त करे, इसके लिए मेरी शुभकामनाएं एवं हर संभव सहयोग है।
कहा कि वर्तमान समय में नई शिक्षा नीति प्रारम्भ हो रही है। नई शिक्षा नीति के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन का दायित्व ईश्वर शरण जैसे उत्कृष्ट महाविद्यालयों का ही है।
इस दौरान राज्यपाल ने महाविद्यालय के नवनिर्मित प्रो. प्रमिला श्रीवास्तव परिसर का उद्घाटन एवं उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही महाविद्यालय के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम अविरल का उद्घाटन और स्वर्ण जयंती स्मारिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि इविवि के कार्यवाहक कुलपति प्रो. आरआर तिवारी रहे। अध्यक्षता शासी निकाय के अध्यक्ष आरके श्रीवास्तव ने की।
प्राचार्य डॉ. आनंद शंकर सिंह ने कॉलेज की उपलब्धियां गिनाईं। संचालन डॉ. रचना सिंह और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अजय श्रीवास्तव ने किया।




