अपहरण के आरोपी का होगा नार्को टेस्ट

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। मुठीगंज से दो साल पहले अपहृत हुए आठ वर्षीय अदनान का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश में एसओजी और सर्विलांस टीम लगा दी गई है।
दो साल पहले आठ साल के मासूम के अपहरण का मामला
साथ ही आरोपित रिश्तेदार कौशर के नार्को टेस्ट की तैयारी की जा रही है। मासूम बच्चे के न मिलने से परेशान परिवार ने हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है।
मुठीगंज निवासी मुजीबुर्रहमान का आठ साल के बेटा अदनान दो साल पहले संदिग्ध दशा में गायब हो गया था। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला तो घरवालों ने मुठीगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
कुछ दिनों बाद बच्चे के पिता के मोबाइल पर कॉल करके 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर को ट्रेस किया तो पता चला कि रिश्तेदार कौशर का है।
पुलिस ने उसे पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की और फिर जेल भेज दिया। लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
छह महीने बाद कौशर के घर से पास से बच्चे का कपड़ा व दूसरा सामान भी मिला, मगर उसने अदनान के बारे में कुछ नहीं बताया। घरवालों ने उसी पर बच्चे को गायब करने का आरोप लगाया।
पुलिस भी लगातार तलाश में जुटी रही। इसी बीच पीडि़त परिवार ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इस पर एसएसपी ने बच्चे की बरामदगी के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम सख्त निर्देश देते हुए लगाया।
सीओ तृतीय अमिता सिंह का कहना है कि आरोपित का नार्को टेस्ट कराया जाएगा, ताकि सच्चाई का पता चल सके। तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।


