Latest

जब एडीजी के घर नोटिस लेकर पहुंच गई पुलिस, फेसबुक प्रोफाइल के चक्कर मे इंस्पेक्टर निलंबित

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एडीजी जोन प्रेम प्रकाश के नाम से फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से पैसे मांगने के प्रकरण की जांच कर रही पुलिस एडीजी प्रेम प्रकाश के घर ही नोटिस लेकर पहुंच गई।

फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर पैसे मांगने का मामला

विवेचक पर लापरवाही के आरोप में एडीजी ने सिविल लाइंस में तैनात इंस्पेक्टर अभय श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया। इस प्रकरण में सुपरविजन अधिकारियों को भी जमकर फटकार लगी है।

लॉकडाउन के दौरान एडीजी प्रेम प्रकाश की फोटो लगाकर उनके नाम से ही फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई गई थी। इसके बाद शातिरों ने उनके फ्रेंड लिस्ट से जुड़े लोगों को मैसेज किया कि लॉकडाउन में चौरिटी के लिए दान करें।

कुछ लोगों ने एडीजी के नाम पर ऑनलाइन रुपये भी ट्रांसफर कर दिए। जब इस बात की जानकारी एडीजी प्रेम प्रकाश को हुई तो 19 मार्च 2020 को कैंट थाने में साइबर अपराध की एफआईआर दर्ज कराई।

साइबर सेल को जांच में पता चला कि असम के रहने वाले शातिर ने खेल किया। फेक आईडी होने के कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। बाद में इस प्रकरण की जांच सिविल लाइन थाने में तैनात इंस्पेक्टर अभय श्रीवास्तव को दी गई।

विवेचक को नकल चिट के साथ कुछ और एविडेंस भी दिए गए थे। इसमें एक प्रेम प्रकाश के नाम से आधार कार्ड भी था। आधार कार्ड फर्जी था या असली, इसकी जांच के लिए सिविल लाइंस से एक पुलिसकर्मी को गाजियाबाद भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि वह एडीजी प्रेम प्रकाश के घर का पता था।

विवेचक ने बिना सत्यापन किए ही नोटिस लेकर एक सिपाही को उनके घर भेज दिया। जब इस बात की जानकारी एडीजी को हुई तो उन्होंने एसपी क्राइम को इसकी जांच का निर्देश दिया। रिपोर्ट के आधार पर एडीजी ने इंस्पेक्टर अभय कुमार श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया।

Related Articles

Back to top button