असम के मुख्यमंत्री ने शंकराचार्य आश्रम पहुंच महायज्ञ में डालीं आहुतियां

( अनुराग शुक्ला ) मथुरा (अनुराग दर्शन समाचार)।असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने मथुरा में गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम पहुंचकर वहां चल रहे महायज्ञ में आहुतियां डाली और पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ से आशीर्वाद लिया।
जगद्गुरु से लिया आशीर्वाद
आश्रम पहुंचकर सोनोवाल ने सबसे पहले आद्य शंकराचार्य भगवान की पादुका का पूजन किया। फिर पुरी पीठ के ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी निरंजन देवतीर्थ के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने आश्रम में चल रहे महायज्ञ में आहुतियां डाली।
असम के मुख्यमंत्री शंकराचार्य आश्रम में काफी देर तक रहे। इस दौरान जगद्गुरु देवतीर्थ से उन्होंने समसामयिक विषयों पर चर्चा भी की। भोर में करीब पांच बजे असम मुख्यमंत्री का कारवां आश्रम से प्रस्थान कर गया। गौरतलब है कि विश्वशांति एवं वैश्विक महामारी कोविड-19 से मुक्ति के लिए गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में विगत दिनों से लगातार यज्ञ का अनुष्ठान चल रहा है।
चुंकि असम समेत पूरा पूर्वोत्तर भारत शंकराचार्य के सीमा क्षेत्र में आता है। ऐसे में शंकराचार्य आश्रम में असम समेत समूचे पूर्वोत्तर के तमाम श्रद्धालु लगातार आते रहते हैं और वहां चल रहे अनुष्ठानों में भागीदारी करते हैं।
कोरोना काल में शंकराचार्य के इस आश्रम के द्वारा लगातार प्रभावित लोगों के अलावा गायों और वानरों का सेवा कार्य भी चला जो अभी भी जारी है। विश्वशांति और वैश्विक महामारी कोविड-19 से मुक्ति के लिए वहां चल रहा यज्ञ का अनुष्ठान भी अभी नवरात्र के बाद तक भी जारी रहेगा।




