Latest

पुलिस चौकियों में लगेंगे बिजली मीटर

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जिले में शत प्रतिशत लोगों के घरों में कनेक्शन और मीटर लगाने की मुहिम में जुटा बिजली विभाग अब पुलिस चौकियों में भी मीटर लगवाएगा।

कनेक्शन विहीन चौकियों को किया जा रहा चिन्हित

इसके लिए सभी उपखंड के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। क्षेत्र की कनेक्शन विहीन पुलिस चौकियों को चिह्नित कर मीटर लगाने की बात कही गई है।

जनपद की जिन पुलिस चौकियों में बिजली के कनेक्शन नहीं हैं उनमें बिजली विभाग की दिसंबर तक शत प्रतिशत विद्युतीकरण की योजना है। ऐसे में जिन पुलिस चौकियों में कनेक्शन और मीटर नहीं हैं वहां एक किलोवॉट का कनेक्शन रहेगा। इससे पंखा, कूलर और बल्व ही जला सकते हैं, एसी का उपयोग नहीं किया जा सकता। मीटर लगाने के बाद बिजली विभाग की टीम समय-समय पर इन पुलिस चौकियों का निरीक्षण भी करेगी कि कहीं इसमें एसी का प्रयोग तो नहीं हो रहा है।
शहर की कई ऐसी पुलिस चौकियां हैं, जहां एयर कंडीशनर लगा है। जबकि अन्य में पंखे या कूलर से काम चलाया जाता है। जहां एसी लगी है, वहां जाड़े के मौसम में हीटर का भी उपयोग भी होता है। ऐसे में बिजली विभाग को राजस्व का घाटा उठाना पड़ता है। बिजली विभाग के मुख्य अभियंता ओपी यादव ने कहा कि पुलिस थानों में तो मीटर लगे हैं। कई चौकियों में भी मीटर लगाए गए हैं, लेकिन जहां अभी तक मीटर नहीं लगे हैं, उसे चिन्हित कर जल्द ही मीटर लगाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button