पति समेत चार पर दहेज हत्या का मुकदमा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। चांदपुर सलोरी में अधिवक्ता अभिषेक की पत्नी के फांसी लगाने के बाद मंगलवार को युवती के परिजनों ने दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज करा दी।
अधिवक्ता की पत्नी की मौत का मामला
अधिवक्ता पति समेत चार को नामजद किया है। आरोप है कि दहेज के लिए की बेटी की हत्या कर दी गई। इसकी जांच कर रहे सीओ कर्नलगंज का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रानीगंज, प्रतापगढ निवासी शिक्षक राधेश्याम मिश्रा ने दिसंबर 2019 में अपनी 29 वर्षीय बेटी श्रद्धा की शादी चांदपुर सलोरी निवासी अधिवक्ता अभिषेक पांडेय से की थी। सोमवार दोपहर श्रद्धा ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद परिजनों को पार्थिव शरीर सौंप दिया।
श्रद्धा के मायके वालों ने रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार किया। मंगलवार शाम युवती के घरवालों ने श्रद्धा के पति अभिषेक समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज करा दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने शक के आधार पर ससुराल के कुछ लोगों को पकड़ा लेकिन सीओ का कहना है कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई।




