नकली नोट मामले में प्रधानपति गिरफ्तार
अपने प्रतिद्वंद्वी को फंसाने की रच रहा था साजिश
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। दीपावली पर प्रयागराज में नकली नोट खपाने के षडय़ंत्र का खुलासा हुआ है। क्राइम ब्रांच ने प्रतापगढ़ के एक प्रधान पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में नकली नोट बरामद किया है। दोनों को नकली नोट सप्लाई करने वाले आरोपी की क्राइम ब्रांच तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि प्रधानपति ने नकली नोट से अपने प्रतिद्वंद्वी को फंसाने की साजिश भी रची थी।
एसपी गंगापार धवल जायसवाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच और नवाबगंज पुलिस ने उपरहार हाईवे पुलिया के पास से जेठवारा, प्रतापगढ़ के प्रधानपति राजेंद्र कुमार गौतम और अजय कुमार सरोज को 650000 के नकली नोट के साथ गिरफ्तार। इनमें 50 हजार 500 के और बाकी दो-दो हजार की फेक करेंसी है। राजेन्द्र रेप समेत कई मुकदमों में पहले भी जेल जा चुका है। उसे प्रतापगढ़ के गोविंद ने नकली नोट सप्लाई किया था।
पुलिस की मानें तो 50 फीसदी पर उन्हें नकली नोट मिला था। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि राजेंद्र गौतम ने गांव में आवास योजना के नाम पर कई लोगों से ठगी की है। उसके खिलाफ शिवम सिंह ने शिकायत की थी जिसकी जांच चल रही है। राजेंद्र गौतम ने नकली नोट लेकर शिवम को फंसाने की साजिश भी रची थी। उसकी गाड़ी में नकली नोट रख पुलिस को सूचना देकर पकड़वाने की प्लानिंग थी।
गिरफ्तारी करने में क्राइम ब्रांच प्रभारी मनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल संतोष सिंह, सिपाही अभय कुमार आदि शामिल रहे। पुलिस महकमे में यह भी चर्चा थी कि पकड़े गए आरोपी उसे छोडऩे के लिए क्राइम ब्रांच को 20 लाख रुपये या सभी सदस्यों को एक-एक बुलेट देने की बात भी कही थी।



