टूटने लगा विजय मिश्र का तीन मंजिला मकान

गैंगस्टर कोर्ट के आदेश पर 12 साल पहले मकान किया गया था सील
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्र के प्रयागराज में अल्लापुर स्थित तीन मंजिला मकान को गुरुवार की शाम ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के अधिकारी पुलिस और पीएसी के साथ मकान पर जेसीबी लेकर पहुंचे। पीडीए के जोनल अधिकारी सत शुक्ला ने बताया कि गैंगस्टर कोर्ट ने 12 साल पहले मकान को सील कर दिया था। बिना नक्शा पास कराए मकान बनवाया गया था।
करीब तीन सौ वर्ग मीटर में फैले तीन मंजिला मकान को ढहाने के लिए चार जेसीबी लगाई गई। विधायक की पत्नी एमएलसी रामलली मिश्रा, बेटी और करीबियों का विरोध बेनतीजा रहा। वह कागजात दिखा रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने उसका संज्ञान नहीं लिया। रात नौ बजे तक चार घंटे कार्रवाई चली। करीब 80 फीसद निर्माण ध्वस्त कर दिया गया है।
अल्लापुर में ही पुलिस चौकी के सामने स्थित विधायक के आवास सह शापिंग कांप्लेक्स के ध्वस्तीकरण का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन हाई कोर्ट ने बुधवार को इसे ढहाने पर रोक लगा दी थी। डाट पुल स्थित दूसरा मकान इस अंदाज में ढहाया जाएगा, इसका अनुमान किसी को नहीं था। विधायक की अधिवक्ता बेटी रीमा पांडेय ने मकान तोड़े जाने की कार्रवाई को सरकार की तानाशाही बताया है। पीडीए अफसरों का कहना है कि मकान के लिए 190 वर्ग मीटर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी, बाकी हिस्सा अवैध कब्जा था। मकान तीन सौ वर्ग मीटर में है।
इसी साल जून में पीडीए ने मकान के खिलाफ ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया था। इसी मामले में हाई कोर्ट ने याचिका खारिज की थी। आयुक्त न्यायालय ने भी अपील खारिज कर दी थी। वही मौके पर पहुंची विधायक विजय मिश्र की पत्नी एमएलसी रामलली मिश्र का कहना था कि पीडीए ने घर से सामान निकलने का भी मौका नहीं दिया। हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ मकान गिराया जा रहा है।




