Latest

इनामिया घोषित होंगे फरार एसपी, गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बनाई तीन टीमें

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। महोबा के क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी के मौत और भ्रष्टïाचार के मामले में निलंबित किए गए महोबा के पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। अब उनपर इनाम घोषित किया जाएगा। आईपीएस मणिलाल के घर पर पुलिस गैर जमानती वारंट एनबीडब्ल्यू का नोटिस भी चस्पा कर चुकी है। इसके बावजूद मणिलाल का कुछ पता नहीं चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के आरोपित पूर्व एसपी के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप ही कार्रवाई की जाएगी। उनकी तरफ से जांच में किसी तरह का सहयोग नहीं किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस अब मणिलाल के विरुद्ध ईनाम घोषित करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का यह भी कहना है कि महोबा के एसपी रहे मणिलाल पाटीदार ने कोर्ट में हाजिर होने के लिए कुछ अधिवक्ताओं से संपर्क साधा था। हाई कोर्ट से उन्हें राहत नहीं मिली है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अलग-अलग स्थानों पर छिप रहे हैं। लिहाजा गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया जा रहा है। पुलिस राजस्थान निवासी मणिलाल के घर पर गैर जमानती वारंट की नोटिस भी चस्पा कर चुकी है। क्रशर कारोबारी के घरवालों की मांग पर कुछ दिन पहले एडीजी जोन ने मामले की विवेचना प्रयागराज ट्रांसफर कर दी थी। प्रकरण की जांच अब एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा कर रहे हैं।
आईजी केपी सिंह के पर्यवेक्षण में अभियुक्तों की गिरफ्तारी और विवेचना के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, निलंबित एसपी समेत तीन पुलिस कर्मी फरार चल रहे हैं। गिरफ्तारी के लिए प्रयागराज पुलिस पहले भी राजस्थान में कई स्थानों पर छापेमारी की थी, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अब फिर से एक टीम वहां भेजी गई है। पुलिस ने निलंबित आइपीएस के घर नोटिस चस्पा करने के साथ ही अपने स्तर पर सुराग जुटाकर तलाश कर रही है। मगर जल्द गिरफ्तारी न हुई तो ईनाम घोषित कर दूसरे तरीके से शिकंजा कसा जाएगा।

Related Articles

Back to top button