पूर्व सांसद की बेटी को युवक कर रहा ब्लैकमेल
आरोपी पर गाली देने व साइबर अपराध की एफआईआर दर्ज
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एक पूर्व सांसद की बेटी का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता भाजपा से भी जुड़ी है। पीडि़ता ने आरोपी युवक के खिलाफ गाली देने और साइबर अपराध की एफआईआर दर्ज कराई है। महिला थाने की पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पड़ोसी जिले के एक पूर्व सांसद की बेटी की शादी प्रयागराज जिले के ग्रामीण इलाके में रहने वाले युवक से हुई है। शादी के बाद से महिला अपने पिता की तरह समाज सेवा कार्यों से जुड़ी है। वह महिला मोर्चा की पदाधिकारी भी बन गई। इस बीच उसकी दोस्ती अश्वनी शुक्ला से हो गई।
सामाजिक कार्य के कारण अक्सर आरोपी महिला से मिलने घर आने लगा। इस पर महिला के पति ने विरोध जताया तो उनके बीच दूरी बन गई। लेकिन इस बीच वह पूर्व सांसद की बेटी से वीडियो चैट करता रहा। बातों ही बातों में कब उसने महिला की अश्लील पिक्चर रिकॉर्ड कर ली उसे पता भी नहीं चला। दूरी बनाने के बाद वह अश्लील फोटो व वीडियो को दिखा कर महिला को ब्लैकमेल करने लगा। धमकी दी कि अगर उसने बात नहीं मानी तो वह इंटरनेट पर यह वायरल कर देगा। पुलिस अधिकारियों के आदेश पर इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर जांच चल रही है।



