सूबे का विकास देख अखिलेश परेशान: केशव
डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने बोला पूर्व सीएम पर हमला
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शृंग्वेरपुर धाम महोत्सव में शामिल होने पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश और केन्द्र सरकार लगातार विकास का काम कर रही है। इससे विरोधी परेशान हैं, खासकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। जब कोई विकास का काम होता है तो वह बौखला जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की यात्रा शुरू हो गई है, लेकिन यह बात पूर्व मुख्यमंत्री को समझ नहीं आती।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब सूबे में सपा सरकार थी तो गुंडों से जनता डरती थी, लेकिन जब से भाजपा की सरकार प्रदेश और केंद्र में आई है, गुंडे और बदमाश जनता से डरे हुए हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि कश्मीर से धारा 370 को हटा कर और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 56 इंच का सीना होने का सबूत दिया है। धारा 370 को समाप्त कर पीएम ने इतिहास रचा है। राम मंदिर स्थल पर विवादित ढांचा बनाए जाने के बाद से ही प्रदेश सरकार भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए कटिबद्ध थी।
इनसेट…
शृंगवेरपुर के पास गंगा पर बनेगा पुल
प्रयागराज। सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शृंगवेरपुर के विकास में और तेजी लाई जाएगी। जबसे केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, तब से भगवान श्रीराम से जुड़े स्थलों को विकसित किया जा रहा है। श्रीराम वनगमन के लिए काम तेजी से चल रहा है। अयोध्या से शुरू होकर रामवन गमन शृंगवेरपुर होते हुए चित्रकूट तक जाएगा। शृंगवेरपुर के पास गंगा नदी पर पुल भी बनेगा, जिससे इस पार से उस पार लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।




