2.67 करोड़ से बनेंगी चकर्ड प्लेट की 16 सड़कें

माघ मेला-2021: संगम तीरे 500 हेक्टेयर में होगा मेला क्षेत्र
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। संगम तीरे करीब साढ़े पांच सौ हेक्टेयर में बसाए जाने वाले माघ मेला 2021 में चकर्ड प्लेट की सड़कें बनाई जाएंगी। पूरे क्षेत्र में 16 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों पर 2.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। दिसंबर के पहले हफ्ते में इनका निर्माण भी शुरू हो जाएगा और महीने भर में इसे पूरा करना होगा।
माघ मेला चार सेक्टर में बसाया जाएगा। गंगा की दोनों तरफ बसे मेले में लोगों के आवागमन के लिए पीपे के पांच पुल बनाए जाने हैं। इसके अलावा मेला क्षेत्र में चकर्ड प्लेट की अस्थाई 16 सड़कों का भी निर्माण किया जाना है। इसमे अक्षयवट मार्ग, गंगोली शिवाला मार्ग, रेल मार्ग, संकटमोचन मार्ग, रामानुज मार्ग, तुलसी मार्ग, संगम लोवर मार्ग, समुद्रकूप मार्ग, आचार्य बाड़ा, दंडी स्वामी, अन्नपूर्णा आदि शामिल हैं।
सड़कों के लिए लोक निर्माण विभाग ने 2.67 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया गया है। ऑनलाइन जारी हुए टेंडर 26 नवंबर तक भरें जाएंगे। फिर 27 नवंबर को टेंडर खोला जाएगा। उसके बाद ही सड़कों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के मेला खंड के अधिशासी अभियंता महेंद्र प्रताप ने बताया कि एक महीने में सभी सड़कों का निर्माण पूरा करा दिया जाएगा। टेंडर होते ही दिसंबर के पहले हफ्ते में काम शुरू हो जाएगा। आगे उन्होंने बताया कि 14 जनवरी 2021 को पहला स्नान है। उससे पहले सभी सड़कों का निर्माण करवा दिया जाएगा, जिससे मेले में आने वाले लोगों को कोई दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े।




